April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सीएम आतिशी का दावा निकला गलत, जानिए हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने के बाद दिल्ली पुलिस ने क्या खुलासा किया

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को आम आदमी पार्टी की नेता और मौजूदा सीएम आतिशी ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि जैसा कि उनकी पार्टी कह रही थी, बीजेपी के लोग जबरन वोटिंग से पहले लोगों की अंगुली में स्याही लगा रही है। दिल्ली पुलिस भी इस मामले में एक फोन कॉल के बाद एक्टिव हुई और पड़ताल में जुट गई। अब आपको बताते हैं कि दिल्ली पुलिस की पड़ताल में आतिशी का दावा सही निकला या नहीं।

दिल्ली पुलिस ने जब जबरन अंगुली पर स्याही लगाने के बारे में फोन कॉल के बाद जांच शुरू की, तो पता चला कि संबंधित वीडियो एक हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान का है। फिरोज खान की उम्र 40 साल है। हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान पर 15 केस हैं। जब पुलिस ने फिरोज खान को पकड़ा, तो वो नशे में मिला। साथ ही ये भी पता चला कि उसकी अंगुली में कोई स्याही नहीं लगी है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जानकारी रिटर्निंग अफसर और फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम को दे दी। फिरोज खान से जब दिल्ली पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो वो अपनी बात से पलट गया। फिरोज खान ने कहा कि उसने दिल्ली पुलिस को फोन नहीं किया। दावा गलत निकलने के बाद भी दिल्ली की सीएम आतिशी ने खबर लिखे जाने तक अपने सोशल मीडिया पोस्ट को डिलीट नहीं किया था। वहीं, बीजेपी ने इस मामले में निशाना साधा। तमाम यूजर्स ने भी फिरोज खान का वीडियो शेयर कर आतिशी को घेरा।

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 2 बार से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला हो रहा है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस और बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर घेरा है। अरविंद केजरीवाल पर सीएम हाउस में काफी पैसा खर्च करने का आरोप भी दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती 8 फरवरी को होनी है। उसी दिन पता चलेगा कि दिल्ली की जनता एक बार फिर अरविंद केजरीवाल की पार्टी को सत्ता सौंपती है या कांग्रेस और बीजेपी में से किसी एक को सरकार चलाने के लिए बहुमत देती है।