राहुल गांधी को राजनाथ सिंह की दो टूक, राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर ना करें गैर-जिम्मेदाराना राजनीति
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के द्वारा संसद में भारत-चीन सीमा स्थिति को लेकर दिए बयान पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पलटवार किया है और उनके आरोपों को झूठा करार दिया है। रक्षामंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, राहुल गांधी ने 3 फरवरी 2025 को संसद में अपने भाषण में भारत-चीन सीमा पर स्थिति पर सेना प्रमुख के बयान को लेकर झूठे आरोप लगाए हैं। यह अत्यंत खेद का विषय है कि राहुल गांधी राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना राजनीति करते हैं जबकि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कहा, सेना प्रमुख ने अपनी टिप्पणी में भारत और चीन दोनों पक्षों के द्वारा पारंपरिक गश्त में गड़बड़ी का जिक्र किया था। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हालिया विघटन के हिस्से के रूप में इन प्रथाओं को उनके पारंपरिक पैटर्न पर बहाल कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने ये ब्यौरा संसद में साझा किया है। राहुल गांधी ने सेना प्रमुख के बयान का हवाला देते हुए जो शब्द कहे, असल में वो शब्द सेना प्रमुख ने कभी कहे ही नहीं। अगर कोई ऐसा भारतीय क्षेत्र है जिसमें चीन ने कब्जा है, तो वह 1962 के युद्ध के परिणामस्वरूप अक्साई चिन में 38,000 वर्ग किमी और 5,180 वर्ग किमी का क्षेत्र है जो 1963 में पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से चीन को सौंप दिया गया।
रक्षा मंत्री बोले, राहुल गांधी हमारे इतिहास के इस चरण के बारे में आत्मनिरीक्षण करने पर विचार कर सकते हैं। राहुल गांधी ने लोकसभा में अपने भाषण के दौरान मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि चीन के मामले पर भारतीय सेना और केंद्र सरकार के बयान अलग है। सेना प्रमुख ने कहा है कि चीन ने हमारी सीमा में घुसपैठ की है जबकि पीएम मोदी इस बात से इनकार करते हैं और सेना की बात नहीं मानते हैं।
