April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उमर अब्दुल्ला का कांग्रेस और आप पर तंज, कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने स्वीकारी हार

नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के अभी तक के रुझानों में बीजेपी लगभग 44 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि आम आदमी पार्टी 26 सीटों पर बढ़त बनाए है। वहीं कांग्रेस की हालत बहुत खराब है, एक भी सीट उसके खाते में जाती नहीं दिख रही है। रुझानों के मुताबिक बीजेपी दिल्ली में सरकार बना सकती है। इस बीच दिल्ली के रुझानों पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का रिएक्शन सामने आया है। उमर ने सोशल मीडिया पर एक GIF शेयर करते हुए लिखा है, ‘और लड़ो आपस में’।

उमर के इस GIF वीडियो में एक महात्मा जी कुछ बोलते दिख रहे हैं और नीचे लिख कर आ रहा है, ‘जी भर कर लड़ो, समाप्त कर दो एक दूसरे को’। उमर अब्दुल्ला का पोस्ट काफी तेजी से वायरल भी हो रहा है। उमर अब्दुल्ला ने इंडिया गठबंधन को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर यह कटाक्ष किया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ तलवारें खींच रखी थीं, उसी संदर्भ ने उमर ने यह ट्वीट किया है।

दूसरी तरफ नई दिल्ली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने एक तरह से अपनी हार स्वीकार कर ली है और उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। संदीप दीक्षित ने कहा, ऐसा लग रहा है कि बीजेपी की सरकार बनेगी। हमारी एकमात्र निराशा यह है कि हमें उम्मीद के मुताबिक वोट नहीं मिले। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल और बीजेपी के प्रवेश वर्मा के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। इसी के साथ संदीप दीक्षित ने यह भी माना कि एग्जिट पोल के अनुमान लगभग सही साबित हो रहे हैं। उधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी से पत्रकारों ने जब चुनाव रुझानों पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक रिजल्ट देखा नहीं है।