April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शराब घोटाला…शीशमहल…, इन बड़े मुद्दों ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को दिया झटका!

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को झटका लगता दिख रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों की बात करें, तो बीजेपी बहुमत के आंकड़े से आगे है है। दोपहर बाद तक स्थिति साफ होगी कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनती है या नहीं। हालांकि, अरविंद केजरीवाल की पार्टी और बीजेपी के बीच सीटों का बड़ा अंतर दिख रहा है। अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी पोस्टल बैलेट की गिनती में ही बीजेपी से पीछे जाती दिखाई दी। ऐसा लग रहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल पर कथित शराब घोटाला और शीशमहल का मुद्दा भारी पड़ गया। इन दोनों मुद्दों को बीजेपी के अलावा कांग्रेस ने भी जमकर उछाला था।

शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल बुरी तरह घिरे थे। दिल्ली में हुए कथित शराब घोटाला मामले में पहले अरविंद केजरीवाल सरकार में डिप्टी सीएम रहे मनीष सिसोदिया को जेल जाना पड़ा था। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल भी शराब घोटाला मामले में जेल गए थे। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हालांकि ये दावा करते रहे कि दिल्ली में कोई शराब घोटाला हुआ ही नहीं। उनका ये भी कहना है कि ईडी और सीबीआई कथित शराब घोटाला मामले में कोई रकम बरामद नहीं कर सकीं। वहीं, ईडी ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला कर 100 करोड़ की रकम जुटाई और उसे गोवा विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल किया।

अरविंद केजरीवाल इसके अलावा अपने सरकारी आवास में महंगी चीजें लगवाने के मामले में भी घिरे। बीजेपी और कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर आरोप लगाया कि सीएम के सरकारी आवास में महंगे पर्दे, टाइल, संगमरमर और सोने के पत्तर लगे टॉयलेट सीट लगाए गए। बीजेपी और कांग्रेस ने जनता का धन अपने शौक के लिए इस्तेमाल करने का अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया। वहीं, सीएम आवास में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल पर हुए कथित हमले के मसले पर भी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी बुरी तरह घिरे थे।