आप की हार पर अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल को दिखाया आईना
नई दिल्ली। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की जबर्दस्त हार पर गांधीवादी सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आप प्रमुख को आईना दिखाया है। अन्ना बोले, मैंने हमेशा कहा है कि चुनाव लड़ते समय उम्मीदवार का आचार शुद्ध होना, विचार शुद्ध होना चाहिए, जीवन निष्कलंक होना, जीवन में त्याग होना और अपने अपमान को पीने की शक्ति होना, ये गुण अगर उम्मीदवार में हैं तो मतदाताओं को विश्वास होता है कि यह उम्मीदवार उनके लिए कुछ करने वाला है। मैंने हमेशा उनको यह बताया लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया और आखिरकार वो शराब नीति के जरिए पैसा, धन दौलत के लालच में बह गए।
अन्ना के कहा कि शराब के कारण उनकी (अरविंद केजरीवाल) की छवि को धक्का लगा। लोगों ने देखा कि वह एक तरफ तो चरित्र की बात करते हैं लेकिन दूसरी तरफ शराब की नीति बनाते हैं। यही कारण है कि उनको कम सीट मिली। उन्होंने कहा कि राजनीति में आरोप और प्रत्यारोप होते रहते हैं लेकिन इन आरोपों को जनता के सामने गलत साबित करना पड़ता है। सच हमेशा सच और झूठ हमेशा झूठ होता है। लेकिन केजरीवाल अपने आरोपों को झूठा साबित नहीं कर सके।
अन्ना ने कहा कि जब केजरीवाल मेरे साथ थे तब उन्होंने पार्टी बनाने बात कही थी और एक मीटिंग बुलाई थी तब मैं उस मीटिंग में शामिल नहीं हुआ, तब से मैं उनसे दूर हूं। पहले जब उन्होंने पार्टी बनाई तो लोगों ने उन पर भरोसा किया लेकिन आगे चलकर वो शराब की बात करने लगे। शराब बिक्री के जरिए उनको पैसा दिखने लगा। आपको बता दें कि दिल्ली चुनाव के बाद जारी वोटों की काउंटिंग में आम आदमी पार्टी बीजेपी से पिछड़ गई है। बीजेपी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसौदिया खुद अपनी सीट भी नहीं बचा पाए हैं, दोनों को हार का सामना करना पड़ा है।
