कौन हैं अभिनव चंद्रचूड़? रणवीर इलाहाबादिया की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में दायर की है याचिका
नई दिल्ली। रणवीर इलाहाबादिया ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो को लेकर मचे विवाद के बीच अपनी अग्रिम जमानत के लिए और मुंबई, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को मर्ज कर एक साथ सुनवाई की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। रणवीर इलाहाबादिया की तरफ से उनके वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने यह याचिका सर्वोच्च अदालत में दायर की है। हालांकि सीजेआई चीफ जस्टिस ने उनकी तुरंत सुनवाई की मांग पर गौर नहीं किया और फिलहाल याचिका की सुनवाई के संबंध में कोई तारीख भी नहीं दी। आइए आपको बताते हैं रणवीर इलाहाबादिया के वकील अभिनव चंद्रचूड़ कौन हैं?
अभिनव चंद्रचूड़ सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़ के बेटे हैं। अभिनव बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत की प्रेक्टिस करते हैं। वकालत करने के साथ-साथ अभिनव की पहचान लेखन के क्षेत्र में भी है। उन्होंने कानून से संबंधित कई किताबें भी लिखी हैं। रिपब्लिक ऑफ रेटोरिक-फ्री स्पीच एंड द कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ इंडिया और सुप्रीम व्हिस्पर्स-कन्वर्सेशंस विद जजेज ऑफ द सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया उनकी चर्चित किताबों में से हैं। अभिनव ने हॉवर्ड लॉ स्कूल से एलएलएम की डिग्री हासिल की, उसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड लॉ स्कूल से डॉक्टर ऑफ द साइंस ऑफ लॉ और मास्टर ऑफ द साइंस ऑफ लॉ की डिग्री भी हासिल की। अभिनव कुछ समय तक वहां फ्रैंकलिन फैमिली स्कॉलर भी रहे। लॉ की पढ़ाई के बाद अमेरिका की जानी मानी लॉ फर्म गिब्सन, डॉन एंड क्रचर के साथ बतौर एसोसिएट अटॉर्नी जुड़कर अभिनव ने अपने करियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वो भारत लौट आए और यहां बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत शुरू कर दी।
खास वजह से सुप्रीम कोर्ट में नहीं की वकालत
अभिनव अगर चाहते तो सुप्रीम कोर्ट में भी वकालत की कर सकते थे मगर उन्होंने एक खास वजह से ऐसा नहीं किया। दरअसल जब उनके पिता डीवाई चंद्रचूड़ ने अभिनव से सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने को बोला तो अभिनव ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट में बहस तब करेंगे जब आप वहां जज नहीं होंगे। इससे आपकी और हमारी साख पर सवाल नहीं उठेंगे। पूर्व सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने अपनी फेयरवेल स्पीच में इस बात का जिक्र किया था। आपको बता दें कि अभिनव के अलावा जस्टिस चंद्रचूड़ के एक और बेटे चिंतन चंद्रचूड़ भी बॉम्बे हाईकोर्ट में वकालत करते हैं।
