April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की सीएम, इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

नई दिल्ली। रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। दिल्ली के रामलीला मैदान में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता के साथ उनकी कैबिनेट में शामिल 6 मंत्रियों प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंदराज, पंकज सिंह और आशीष सूद को भी शपथ दिलाई गई। दिल्ली की बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी समेत एनडीए शासित कई प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए।

रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं और इसी के साथ उनके सिर पर सीएम का ताज भी सज गया। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला सीएम हैं। बीजेपी की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज दिल्ली की पहली महिला सीएम थीं। उनके बाद कांग्रेस की शीला दीक्षित सीएम पर आसीन होने वाली दूसरी महिला बनी थीं। आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।

नई दिल्ली सीट से बीजेपी विधायक प्रवेश वर्मा ने बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली। इससे पहले सीएम पद की रेस के वो प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। हालांकि रेखा वर्मा के नाम के ऐलान के बाद प्रवेश वर्मा को डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी आशंका जताई गई थी मगर बीजेपी ने दिल्ली में डिप्टी सीएम नहीं बनाया है।

राजौरी गार्डन विधानसभा से विधायक विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी भाषा में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। सिरसा शिरोमणि अकाली दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे।

करावल नगर सीट से विधायक कपिल मिश्रा को बीजेपी ने अपने सिटिंग कैंडिडेट का टिकट काटकर चुनाव मैदान में उतारा था। अब उनको भी कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। कपिल मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी में थे।

आशीष सूद ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। उन्होंने  जनकपुरी से चुनाव लड़ा था और पहली बार विधायक बने हैं। वो बीजेपी के लिए जम्मू कश्मीर, गोवा राज्यों में काम कर चुके हैं।

विकासपुरी सीट पर पहली बार बीजेपी को जीत दिलाने वाले पंकज सिंह को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। पंकज सिंह पूर्वांचली से आते हैं और पूर्वांचली लोगों में उनकी अच्छी पैठ है।

बवाना विधानसभा सीट से बड़ी जीत हासिल करने वाले दलित नेता रविंद्र इंद्रराज सिंह को भी मंत्री बनाया गया है। इंद्रराज दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं।