April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

डोनाल्ड ट्रंप ने दिए भारत में चुनाव प्रभावित करने की साजिश के संकेत, बोले- हमें भारत सरकार को इस बारे में देनी होगी जानकारी

मियामी (फ्लोरिडा)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका के यूएसएईड USAID से भारत में वोटरों की तादाद बढ़ाने के लिए जिस 21 मिलियन डॉलर की व्यवस्था की गई थी, वो चुनाव प्रभावित करने की भी कोशिश हो सकती है। फ्लोरिडा के मियामी में एफआईआई प्रायोरिटी समिट को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमें भारत में वोटिंग पर 21 मिलियन डॉलर खर्च करने की क्या जरूरत है? ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि वे किसी और को निर्वाचित करने की कोशिश कर रहे थे। ट्रंप ने कहा कि इस बारे में हमें भारत सरकार को बताना होगा। उन्होंने इस मामले के सामने आने को बड़ी सफलता भी बताया।

अमेरिका के यूएसएईड को ट्रंप सरकार ने बंद कर दिया है। डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने उद्योगपति एलन मस्क के नेतृत्व में DOGE नाम का विभाग बताया है। डोजे नाम के विभाग ने पड़ताल में पाया कि भारत में वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए अमेरिका की सरकार ने 21 मिलियन डॉलर यानी करीब 180 करोड़ रुपए का प्रावधान किया। इस रकम को देने पर ट्रंप सरकार ने तत्काल रोक लगा दी। इस खुलासे के बाद भारत में भी सियासत गर्माई। बीजेपी ने आरोप लगाया कि अमेरिका के डीप स्टेट की मदद से भारत में चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की गई। बीजेपी ने इस मामले की गहन जांच की मांग भी की है।

अब डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि भारत में 21 मिलियन डॉलर देकर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश शायद हुई। ये माना जा रहा है कि अमेरिका की ट्रंप सरकार आने वाले दिनों में ये जानकारी भारत को सौंप सकती है कि 21 मिलियन डॉलर की जो रकम वोटरों की संख्या बढ़ाने के लिए दी जानी थी, वो किसे मिलनी थी। ऐसे में आने वाले दिनों में भारत में इस मसले पर सियासत के फिर गर्माने की उम्मीद दिख रही है।