April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी विधानसभा में हंगामा, स्पीकर सतीश महाना ने सपा विधायकों को दिया अल्टीमेटम, कहा-मैं सदन को हाईजैक करने नहीं दूंगा

नई दिल्ली। यूपी विधानसभा में आज जबर्दस्त हंगामा देखने को मिला। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की टिप्पणी पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने विरोध जताया। सपा विधायक वेल में आकर विधायक नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पहले तो विपक्षी सदस्यों को समझा कर शांत करने का प्रयास किया मगर जब वो नहीं माने तो महाना को गुस्सा आ गया। वो अपनी कुर्सी से खड़े हो गए तथा वेल में मौजूद सभी सपा विधायकों को सदन से बाहर जाने का आदेश दिया। महाना ने सख्त शब्दों में कहा, मैं सदन को हाईजैक करने नहीं दूंगा।

दरअसल, हुआ यह है कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादियों पर तंज कसते हुए कहा, सपा वाले नेताजी (मुलायम सिंह) की हर बात मानते थे, क्या वह उनकी वह बात भी मानेंगे कि लड़कों से गलती हो जाती है। पाठक के इतना कहते ही सपा विधायकों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वेल में आकर ‘नेता जी का ये अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाने लगे। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सपा विधायकों से बोले, आप मुझे बताइए क्या अपमान हुआ है, मैं माफी मंगवाऊंगा। अध्यक्ष के बार बार पूछने पर भी सपा विधायक यह नहीं बता पाए कि अपमान क्या हुआ उल्टा नारेबाजी करते रहे। तभी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आप लोग इस तरह से सदन की गरिमा से खिलवाड़ नहीं कर सकते।

महाना ने अल्टीमेटम देते हुए कहा, मैं पांच साल के लिए सदन से बर्खास्त कर दूंगा। फिर उन्होंने वेल में नारेबाजी कर रहे विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर भिजवा दिया। इस बीच कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि 20 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया जाए। महाना बोले, मैं किसी को भी सदन को हाईजैक करने नहीं दूंगा। आप विधानसभा को ऐसे चलाना चाहते हैं मैं ऐसा नहीं होने दूंगा, सख्त कार्रवाई करूंगा।