रूस के बाद अब अमेरिका और यूक्रेन के रिश्ते बिगड़ने के आसार, ट्रंप-वेंस से बहस का जेलेंस्की को उठाना पड़ सकता है खामियाजा
वॉशिंगटन। रूस के बाद अब अमेरिका से भी यूक्रेन के रिश्ते बिगड़ते दिख रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की बहस इसकी वजह बनी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की अमेरिका के दौरे के वक्त ये बहस हुई। हुआ यूं कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के बारे में बयान दिया। जिसका जेडी वेंस ने विरोध किया और कहा कि जेलेंस्की अमेरिका के राष्ट्रपति के आवास में बैठकर अपमान कर रहे हैं। जेलेंस्की और वेंस के बीच इस टकराव में ट्रंप भी कूदे और उन्होंने सख्त लहजा अपनाया। जिससे मामला और गंभीर हो गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेलेंस्की से कहा कि वो शांति की राह में जाएं, वरना वो देख नहीं पा रहे कि दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की ओर जा रही है। वहीं, जेलेंस्की ने अमेरिका से सुरक्षा गारंटी मांगी और कहा कि रूस के प्रति अपना रुख वो एकदम से नहीं बदल सकते। इसके बाद ट्रंप ने उनको जाने के लिए कह दिया। ट्रंप ने बाद में कहा कि जब भी जेलेंस्की शांति के लिए तैयार हों, तो अमेरिका आ सकते हैं। ट्रंप और वेंस के साथ वोलोदिमिर जेलेंस्की के टकराव के कारण अमेरिका और यूक्रेन के बीच महत्वपूर्ण खनिजों संबंधी समझौता भी नहीं हो सका। बाद में अमेरिका की मीडिया से जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका और वहां के लोगों ने यूक्रेन को जिस तरह समर्थन दिया है उसके लिए वो आभारी हैं।
उधर, ट्रंप-वेंस और जेलेंस्की के बीच तू-तू, मैं-मैं की खबर दुनियाभर में फैल गई। इसके बाद ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने ट्रंप और जेलेंस्की से फोन पर बात की। जबकि, रूस सरकार की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने अचरज जताते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को बदमाश बताया और कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने खुद को बहुत कंट्रोल किया। फिलहाल अमेरिका और यूक्रेन के रिश्ते खटाई में पड़ते दिख रहे हैं। जबकि, जो बाइडेन के राष्ट्रपति रहते अमेरिका ने यूक्रेन को रूस से जंग लड़ने के लिए अरबों डॉलर की सैन्य और आर्थिक सहायता दी थी।
