June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मणिपुर में सेना की कार्रवाई में बड़ी तादाद में हथियार बरामद, इनमें आईईडी, ग्रेनेड और मोर्टार भी

इंफाल। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगने के बाद गवर्नर अजय भल्ला ने आदेश जारी कर सभी गुटों से हथियार जमा कराने को कहा था। मणिपुर के गवर्नर ने चेतावनी दी थी कि समयसीमा में अगर हथियार जमा न कराए गए, तो सुरक्षाबलों के जरिए बड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस समयसीमा में मैतेई और कुछ कुकी गुटों ने पुलिस और सुरक्षाबलों को हथियार सौंपे, लेकिन अब भी बड़ी तादाद में मणिपुर के संघर्षरत गुटों के पास हथियार हैं। इसका पता उस वक्त चला जब सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम रायफल्स के स्पीयर कोर ने मणिपुर पुलिस के साथ इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, तेनगनुपाल, काकचिंग, जिरीबाम और उखरुल जिलों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

सेना और सुरक्षाबलों की इस तलाशी में बड़ी तादाद में खतरनाक हथियार बरामद किए गए। इनमें मोर्टार, आईईडी, ग्रेनेड, पंप एक्शन शॉटगन, डबल बैरल रायफल, कार्बाइन, इंसास रायफल, कार्बाइन और अन्य हथियार व गोला-बारूद हैं। सभी हथियारों को सेना और सुरक्षाबलों ने मणिपुर पुलिस के हवाले किया है। बरामद हथियार में से कई सारे पुलिस थानों पर हमला कर लूटे गए थे। सेना और सुरक्षाबलों के जवानों ने मणिपुर के लोगों में सुरक्षा की भावना लाने के लिए हथियारबंद गुटों के खिलाफ जोरदार अभियान छेड़ा हुआ है। इससे पहले मणिपुर पुलिस लगातार संघर्षरत गुटों से अपील करती रही है कि वे सभी हथियार जमा करा दें, लेकिन उपद्रवी मानते नहीं दिख रहे हैं।

वहीं, कांगपोकपी में शनिवार को कुकी गुटों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में 1 व्यक्ति की जान गई है। वहीं, 27 जवान घायल हैं। कुकी गुट मणिपुर की सभी सड़कों को यातायात के लिए खोलने को राजी नहीं हो रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीते दिनों दिल्ली में बैठक के दौरान इसके आदेश दिए थे। वहीं, शनिवार की हिंसा के बाद अब कुकी गुटों ने सोमवार को बंद का एलान किया है। इसके मद्देनजर मणिपुर के कांगपोकपी इलाके में बड़ी तादाद में सेना और अन्य सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। ये जवान हर हाल में यातायात को निर्बाध बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं। केंद्र सरकार ने ये आदेश दिए हैं कि जो भी सड़कों को जाम करे, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।