April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

औरंगजेब की कब्र पर शौचालय बनवाने का मनोज मुंतशिर ने दिया सुझाव

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाए जाने की मांग के बीच अब गीतकार मनोज मुंतशिर शुक्ला ने औरंगजेब की कब्र को लेकर एक ऐसा सुझाव दिया है जिस पर एक नई बहस छिड़ सकती है। मनोज मुंतशिर ने कहा कि औरंगजेब की मजार राष्ट्र के लिए शर्म का स्मारक है। उस जगह पर ऐसा क्या है जिस पर किसी भारतीय को गर्व होना चाहिए? उन्होंने कहा कि औरंगजेब की कब्र को नष्ट करने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय उस पर शौचालय बनाया जाना चाहिए। शौचालय बनाने के लिए औरंगजेब की कब्र से बेहतर जगह और क्या हो सकती है।

मनोज मुंतशिर ने कहा कि अगर औरंगजेब की कब्र पर किसी को बहुत गर्व होता है या किसी को ऐसा लगता है कि वो गर्व करने लायक जगह है तो उन्हें अपनी देशभक्ति और राष्ट्रीयता के बारे में दोबारा सोचने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब हम राम मंदिर के लिए अदालत में कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे तो बहुत से पढ़े लिखे लिबरल लोगों ने हमें सलाह दी थी कि राम तो कण-कण में हैं इसलिए क्यों उन्हें मंदिर में तलाशना। अयोध्या में मंदिर की जगह अस्पताल या स्कूल बनवा दो। अब मैं उनकी ही कही बात को फिर से दोहराना चाहता हूं, औरंगजेब की कब्र को तोड़ने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बजाय उस पर शौचालय बनवा दो।

गीतकार ने कहा, स्वच्छ भारत मिशन चल रहा है, देश में और शौचालय बनाने के लिए औरंगजेब की कब्र से बेहतर जगह और क्या हो सकती है। मनोज मुंतशिर यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि देश में एक बहुत बड़ा तबका है जो हमसे बार-बार पूछता और बताता रहता है कि ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़े ही है,’ मैं 100 करोड़ हिंदुओं की तरफ से ऐसे लोगों को जवाब देना चाहता हूं कि ‘नशों में सूर्यवंशी स्वाभिमान था और है, सनातन से ही भगवा आसमान था और है, शिवाजी और राणा को पिता कहते हैं हम अपना, हमारे बाप का हिंदुस्तान था और है।‘