पाकिस्तान में एक और बड़ा हत्याकांड, अज्ञात लोगों ने की जमीयत उलमा-ए-इस्लाम के मुफ्ती अब्दुल बाकी नूरजई की हत्या
क्वेटा। पाकिस्तान में हत्याओं का दौर जारी है। ताजा घटनाक्रम में क्वेटा के एयरपोर्ट रोड पर अज्ञात लोगों ने जमीयत उलमा-ए-इस्लाम यानी जेयूआई के मुफ्ती अब्दुल बाकी नूरजई को निशाना बनाया। जमीयत के मुफ्ती अब्दुल बाकी नूरजई पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें मुफ्ती अब्दुल को कई गोलियां लगीं।
जमीयत उलमा-ए-इस्लाम के नेता पर फायरिंग की घटना की जानकारी मिलने के बाद क्वेटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जमीयत नेता को हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन कई गोलियां लगने से मुफ्ती अब्दुल बाकी नूरजई की पहले ही मौत हो चुकी थी। क्वेटा पुलिस के मुताबिक वो मुफ्ती अब्दुल पर हमला करने वालों की तलाश कर रही है।
पाकिस्तान के झेलम इलाके में शनिवार की रात आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद के भतीजे और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं के मास्टरमाइंड अबु कतल सिंधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले में उसका एक और साथी भी मारा गया था। वहीं, रविवार को क्वेटा के पास ही पाकिस्तान की सेना के काफिले पर बलूच लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए ने विस्फोटकों भरी गाड़ी से आत्मघाती हमला किया था।
बीएलए ने दावा किया था कि इस हमले में उसने पाकिस्तान सेना के 90 जवानों की जान ली। बीएलए ने इससे पहले क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। बीएलए ने दावा किया था कि उसने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार पाकिस्तान की सेना के 200 से ज्यादा जवानों को मार दिया।
इसके अलावा एक और घटना में पाकिस्तान की एक मस्जिद में भी बीते गुरुवार को जोरदार बम धमाका हुआ था। इसमें एक मुस्लिम धर्मगुरु की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। पाकिस्तान लगातार भारत और अन्य देशों में आतंकवाद की घटनाएं कराता रहा है। अब आतंकवादी उसके यहां ही लोगों को लगातार निशाना बना रहे हैं। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी पाकिस्तान में जगह-जगह हमले करता है। अफगानिस्तान से लगी सीमा के पास टीटीपी ने रविवार को हमला किया था। इस हमले में पाकिस्तान की सेना के 9 जवान मारे गए थे।
