May 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पता है धरती पर लौटते ही सबसे पहले सुनीता विलियम्स का स्वागत किसने किया?

फ्लोरिडा। सुनीता विलियम्स लंबा वक्त अंतरिक्ष में बिताकर लौटी हैं। स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल के जरिए सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर लाया गया है। भारतीय समय के मुताबिक बुधवार तड़के 3.27 बजे सुनीता विलियम्स, बुच विल्मोर, निक हेग और रूस के एलेक्जेंडर गोर्बुनोव को लेकर ड्रैगन यान फ्लोरिडा के पास समुद्र में उतरा।

स्पेसएक्स का ड्रैगन यान समुद्र में उतरने के बाद उतराने लगा। फिर अमेरिका के जहाज ने उसे खींचकर निकाला और इसके बाद सुनीता विलियम्स और बाकी अंतरिक्ष यात्री उससे बाहर आए। सुनीता विलियम्स को लाने वाले ड्रैगन कैप्सूल का एक वीडियो नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर ने शेयर किया है। उस वीडियो में दिख रहा है कि जब अंतरिक्ष यात्रियों का ड्रैगन कैप्सूल समुद्र में उतरा, तो सबसे पहले किसने उनका स्वागत किया।

इस वीडियो में दिख रहा है कि सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लाने वाला ड्रैगन कैप्सूल समुद्र के पानी में उतरा रहा है। एक छोटी नौका और एक अन्य जहाज उसके करीब हैं। इसी बीच कैमरा ऊपर उठता है और फिर अद्भुत नजारा सामने आता है। ये नजारा है डॉलफिन्स का। सुनीता विलियम्स और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के यान के आसपास कई डॉलफिन्स तैरती दिखती हैं। मानो वे सभी का स्वागत करने के लिए ही आई हैं। ऐसा नजारा पहली बार दिखा है, जब अंतरिक्ष से समुद्र में उतरे अंतरिक्ष यात्रियों के आसपास डॉलफिन तैर रही हों। आप भी देखिए किस तरह सुनीता विलियम्स को लाने वाले यान के आसपास समुद्र में डॉलफिन अटखेलियां कर रही थीं।

डॉलफिन समुद्र में समूहों में रहती हैं। इंसानों से डॉलफिन को बहुत लगाव होता है। समुद्र की यात्रा के दौरान जहाजों के आसपास डॉलफिन आम तौर पर आती हैं और दूर तक सफर भी करती हैं। डॉलफिन का दिमाग काफी विकसित होता है। वो इंसानों के इशारों को भी समझती हैं। कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब समुद्र में गिरे किसी इंसान को डॉलफिन ने बचाया। कई बार समुद्र में जब किसी यात्री का मोबाइल या कोई चीज गिर जाती है, तो डॉलफिन को उन्हें वापस लाकर देते भी देखा जा चुका है।