नागपुर हिंसा मामले में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ली उच्चस्तरीय बैठक, एक घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम
नई दिल्ली। नागपुर हिंसा के घायलों में से एक व्यक्ति की आज अस्तपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक का नाम इरफान अंसारी है जो नागपुर के मेयो अस्पताल में आईसीयू में भर्ती था। इस तरह से नागपुर हिंसा मामले में यह पहली मौत है। उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी आज नागपुर पहुंचे हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की तथा हालात का जायजा लिया। हिंसा के बाद 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया था जिसमें से 9 जगह पर अभी भी कर्फ्यू लागू है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, दंगा किस तरह हुआ, इस पर चर्चा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में हमारे सहयोगी, मंत्री बावनकुले भी मौजूद थे। किस तरह की घटनाएं हुईं और घटनाओं के बाद अभी तक क्या कार्रवाई की गई इसकी पूरी जानकारी मैंने अधिकारियों से ली है। सभी पहलुओं की समीक्षा की गई है। फडणवीस बोले, दंगा करके दूसरों को नुकसान पहुंचाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। दंगे के दौरान जिनकी गाड़ियों को नुकसान हुआ है सरकार उनकी मदद करेगी। जो भी सरकार के नियम हैं उनके अनुसार निश्चित रूप में मदद दी जाएगी। हमारा प्रयास है कि अगले सात दिनों में ऐसे लोगों को मदद मिल जाए।
साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि ऐसे लोग जिन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट किए हैं ऐसे लोगों की भी पहचान साइबर सेल के द्वारा की जा रही है। सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर लोगों को उकसाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को दंगे का सह आरोपी बनाया जाएगा। आपको बता दें कि नागपुर पुलिस ने दंगा के संबंध में तीन नई एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं इस मामले में अब तक 100 से अधिक आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है, अन्य की तलाश की जा रही है।
