बांग्लादेश आर्मी चीफ वकार-उज-जमान ने सैनिकों को ढाका में एकत्र होने का दिया आदेश
नई दिल्ली। बांग्लादेश में अब एक नई सुगबुहाट शुरू हो गई है। बांग्लादेश के आर्मी चीफ वकार-उज-जमान ने अपने सैनिकों को राजधानी ढाका में एकत्र होने का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सेना प्रमुख ने बख्तरबंद वाहनों समेत सेना की हर ब्रिगेड से 100 सैनिकों को ढाका पहुंचने का आदेश जारी किया है। वहीं आर्मी चीफ के इस आदेश के बाद ढाका में सैनिकों का पहुंचना शुरू भी हो गया है। उधर, बांग्लादेश में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। हर कोई इस आदेश का कारण जानने के लिए प्रयासरत है।
हालांकि सेना की तरफ से या आर्मी चीफ की तरफ से इस बाबत कोई भी जानकारी मुहैया नहीं कराई गई है। ऐसा माना जा रहा है कि छात्र नेता हसनत अब्दुल्ला की गुप्त बैठक के बारे में जानकारी मिलने के बाद सेना प्रमुख ने एहतियातन राजधानी में सेना को तैनात करने का फैसला किया है। छात्र नेता हसनत अब्दुल्ला ने 11 मार्च को जनरल जमान के साथ हुई एक गुप्त बैठक में सेना के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की बात कही थी। इससे पहले भी सेना प्रमुख ने राजनीतिक दलों के आपसी मतभेदों को लेकर नाराजगी जताई थी।
बांग्लादेश के ताजा हालात को लेकर आर्मी चीफ खुश नहीं हैं। उन्होंने बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार से बांग्लादेश के हालात पर नियंत्रण के लिए चेताया भी था। इसी बात को देखते हुए तख्तापलट में शामिल रहे छात्र नेता यह मान रहे हैं कि आर्मी चीफ शेख हसीना के लिए बांग्लादेश में वापसी का रास्ता बना रहे हैं। इसीलिए छात्र नेता सेना के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और छात्र नेताओं के आंदोलन से निपटने के लिए आर्मी चीफ अपनी तैयारी में लगे हुए हैं। इस तरह से देखा जाए तो स्थिति स्पष्ट है कि बांग्लादेश में अंतरिम सरकार और सेना के बीच सब कुछ ठीक नहीं है।
