August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नागपुर में हिंसा भड़काने के आरोपी फहीम खान के घर चला बुलडोजर, नष्ट संपत्तियों की कीमत उपद्रवियों से वसूलने की तैयारी

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में बीते दिनों हुई हिंसा के मास्टरमाइंड कहे जाने वाले फहीम शमीम खान के घर पर बुलडोजर एक्शन हुआ है। फहीम शमीम खान माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (एमडीपी) का नागपुर शहर अध्यक्ष है। फहीम शमीम खान को नागपुर पुलिस ने हिंसा के दूसरे दिन गिरफ्तार किया था। कोर्ट ने पूछताछ के लिए फहीम शमीम खान को 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में भी भेजा था। अब महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार के निर्देश पर नागपुर में हिंसा भड़काने के आरोपी फहीम शमीम खान के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से गिराया गया है। महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने पहले ही एलान कर दिया है कि हिंसा में नष्ट हुई संपत्ति की कीमत उपद्रवियों से वसूली जाएगी।

फहीम शमीम खान पर नागपुर पुलिस ने आरोप लगाया है कि उसने शहर के दो इलाकों में हिंसा भड़काने के लिए लोगों को उकसाया। नागपुर में हुई हिंसा में दर्जनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी। उपद्रवियों ने तमाम गाड़ियों को आग भी लगा दी थी। हिंदुओं के घरों को खासतौर पर उपद्रवियों ने निशाना बनाया था। पुलिस पर भी हमला किया गया। यहां तक कि एक डीसीपी के हाथ पर कुल्हाड़ी मारकर उपद्रवियों ने गंभीर रूप से घायल तक कर दिया था। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि नागपुर के 11 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। इस कर्फ्यू को बीते दिन यानी रविवार को ही हटाया गया है।

नागपुर में बजरंग दल ने औरंगजेब के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान अफवाह फैली कि बजरंग दल के प्रदर्शन में कलमा लिखी चादर को आग लगाई गई। कई सोशल मीडिया हैंडल्स से इस अफवाह को आगे बढ़ाया गया। जिसके बाद उपद्रव शुरू हो गया। प्रारंभिक जांच में ये पता चला है कि नागपुर में हिंसा की साजिश पहले ही रची गई थी। उपद्रवियों ने पत्थर और आगजनी के लिए सामान पहले ही इकट्ठा कर रखा था। नागपुर में उपद्रव के सिलसिले में अब तक 10 किशोर समेत 100 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।