April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शर्मिष्ठा पनोली पर केस दर्ज करवाने वाला वजाहत खान लापता, हिंदू धर्म और समुदाय के खिलाफ गलत टिप्पणी के कारण हुई है एफआईआर

कोलकाता। कानून की छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ कोलकाता में केस दर्ज कराने वाला वजाहत खान गायब है। वजाहत खान पर असम समेत कई जगह केस दर्ज कराया गया है। वजाहत खान के परिवार का कहना है कि वो रविवार से घर नहीं आया है। वजाहत खान के परिवार का ये भी दावा है कि शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ केस दर्ज करवाने के बाद से उनके परिवार को धमकी मिल रही है। उनका ये दावा भी है कि वजाहत खान को भी फोन पर गालियां दी गईं। बता दें कि शर्मिष्ठा पनोली पर पैगंबर मोहम्मद के लिए अपशब्द कहने पर देश में कई जगह केस दर्ज कराया गया था। इनमें से एक केस वजाहत खान ने भी दर्ज कराया था। जिस पर कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से शर्मिष्ठा को गिरफ्तार किया था।

शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी के बाद ही वजाहत खान के हिंदू धर्म और समुदाय के खिलाफ किए गए सोशल मीडिया पोस्ट सामने आए और उसके खिलाफ कई जगह केस दर्ज कराया गया। असम पुलिस ने भी वजाहत खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को बताया था कि उनके राज्य की पुलिस वजाहत खान को गिरफ्तार करने के लिए कोलकाता जाएगी। हिमंत ने कहा था कि उम्मीद है पश्चिम बंगाल सरकार वजाहत खान को असम पुलिस के हवाले करेगी। वहीं, वजाहत खान के पिता सआदत खान ने न्यूज चैनल आजतक से कहा कि उनका बेटा हिंदू धर्म का अपमान नहीं कर सकता। सआदत खान ने कहा कि वजाहत खान का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो सकता है।

वजाहत खान के पिता का कहना है कि उनका बेटा धमकी भरे और गाली-गलौज वाले फोन आने से परेशान था। सआदत खान का दावा है कि कई लोगों ने फोन कर उनको भी धमकी और गालियां दी। वजाहत खान के खिलाफ कोलकाता के गार्डन रीच थाने में जो शिकायत हुई है, उसमें हिंदू देवी-देवताओं पर गलत टिप्पणी करने और हिंदू समुदाय को बलात्कारी और पेशाब पीने वाला बताने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा वजाहत खान पर सांप्रदायिक तनाव भड़काने, शांति को बाधित करने और दो समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने का आरोप भी लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *