लोकसभा में विपक्ष का जबर्दस्त हंगामा, राजनाथ सिंह बोले, सरकार हर विषय पर चर्चा को तैयार, राहुल गांधी का आरोप, बोलने नहीं दिया जा रहा
नई दिल्ली। संसद के मानसूत्र के शुरू होते ही आज लोकसभा में विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि सत्र में उठाए गए किसी भी विषय पर चर्चा के लिए सरकार तैयार है। जब भी और जिस भी समय जिस विषय चर्चा की आवश्यकता होगी, विपक्ष द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों पर सरकार चर्चा और उत्तर देने के लिए तैयार है। उधर, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। विपक्ष सांसदों के हंगामे के चलते फिलहाल सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
इससे पहले जब सदन शुरू हुआ तो प्रश्नकाल के दौरान ही विपक्षी सांसद हंगामा करने लगे। हंगामे के चलते लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद भी विपक्षी सांसदों की नारेबाजी जारी रही। जब राजनाथ सिंह अपनी बात कह रहे थे तब विपक्षी सांसदों का शोर शराबा जारी था और वो रक्षामंत्री की बात पर व्यवधान डाल रहे थे।
लोकसभा अध्यक्ष पद पर आसीन बीजेपी सांसद जगदम्बिका पाल ने विपक्षी सांसदों को समझाते हुए कहा कि सदन को ऐसे नहीं चलना चाहिए। सरकार हर विषय पर जवाब देने के लिए तैयार है, देश की जनता सब कुछ देख रही है। यह शून्यकाल है और मैं यहां सभी को बोलने का मौका देना चाहता हूं। इसके बाद भी जब हंगामा शांत नहीं हुआ तो उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
उधर, संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, सवाल ये है कि सदन में रक्षा मंत्री और सरकार के लोगों को बोलने देते हैं, लेकिन अगर विपक्ष का कोई नेता कुछ कहना चाहता है तो अनुमति नहीं है। मैं विपक्ष का नेता हूं मेरा सवाल उठाने का हक है, लेकिन मुझे कभी बोलने ही नहीं देते हैं। अगर सरकार की तरफ से लोग बोल सकते हैं, तो हमें भी बोलने दिया जाना चाहिए।
