रूस में यात्री विमान क्रैश, 49 लोग थे सवार, चीन सीमा के पास हो गया था लापता
नई दिल्ली। रूस में एक यात्री विमान जिसके लापता होने की खबर आ रही थी उसका मलबा मिल गया है। इस विमान का चीन सीमा के पास एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क टूट गया था। इस विमान ने 49 लोगों को लेकर उड़ान भरी थी। यह An-24 यात्री विमान साइबेरिया की अंगारा एयरलाइंस का था। विमान चीन की सीमा से लगे अमूर इलाके के टिंडा शहर की ओर जा रहा था, अपने गंतव्य पर पहुंचने से कुछ समय पहले विमान अचानक रडार से गायब हो गया था। जिसके बाद उससे दोबारा संपर्क स्थापित नहीं हो सका। रूसी मीडिया के अनुसार विमान का मलबा बरामद हो गया है और उसमें सवार सभी लोगों के मारे जाने की आशंका है।
बताया गया है कि विमान में चालक दल के 6 सदस्यों के अलावा 43 यात्री सवार थे जिनमें 5 बच्चे भी थे। अंगारा एयरलाइंस रूस और साइबेरिया में घरेलू उड़ानों की प्रमुख हवाई कंपनी है। इस एयरलाइन कंपनी की स्थापना साल 2000 में की गई थी। घरेलू उड़ानों के साथ-साथ अंगारा एयरलाइंस चार्टर फ्लाइट्स की सुविधा भी प्रोवाइड करती है। गौरतलब है कि अंगारा एयरलाइंस का विमान एएन-24 में दो महीने पहले भी क्षतिग्रस्त हो गया था जब रनवे पर उसमें आग लग गई थी। विमान के किरेन्स्क में लैंडिंग के समय उसकी नोज टूट गई थी। हालांकि, उस वक्त हादसे में कोई घायल नहीं हुआ था।
इससे पहले जुलाई 2023 में एएन-24 सीरिज का ही एक विमान क्रैश हो गया था, उस विमान में 37 यात्री सवार थे। पिछले कुछ समय में एक के बाद एक विमान हादसों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भारत में 12 जून को एयरइंडिया का प्लेन अहमदाबाद में क्रैश हो गया था जिसमें 274 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इसी महीने 21 जुलाई को बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7 ट्रेनिंग विमान राजधानी ढाका में स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की बिल्डिंग पर जा गिरा था। इस घटना में अब तक 25 स्कूली बच्चों समेत 31 लोगों की मौत हुई है जबकि 150 के आसपास लोग घायल हैं।
