मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल को तीर्थ के रूप में विकसित करके बहाल करेंगे पौराणिक मान्यता, ब्रजभूमि से योगी आदित्यनाथ ने किया ऐलान
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में स्थित श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मथुरा-वृंदावन की 118 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा मेरा सौभाग्य है पिछले 8-9 वर्षों से, मैं हर साल दो बार, जन्माष्टमी और रंगोत्सव, दो बड़े आयोजनों के लिए यहां आता हूं। हमारी सरकार ने तय किया कि हम लोग मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, बलदेव, गोवर्धन और राधा कुंड को तीर्थ के रूप में विकसित करेंगे और उसकी पौराणिक मान्यता को फिर से बहाल करेंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, आज पावन जन्माष्टमी का शुभ आयोजन है। मैं इस अवसर पर देश और दुनिया के अंदर जहां कहीं भी सनातन धर्मावलंबी निवास करते हैं और हमारे कान्हा के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हैं उन सबको मैं आज के पावन तिथि की बधाई देता हूं। यह ब्रजभूमि 5,000 वर्षों से भी पहले से ब्रज भूमि भगवान श्री विष्णु के अवतार भगवान श्री कृष्ण के अवतार के लिए जानी जाती है।
योगी बोले, ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद यहां पर कार्य कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश अपनी आध्यात्मिक विरासत और अत्याधुनिक विकास के लिए दुनिया में एक नए प्रतिमान को स्थापित कर रहा है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और 5000 साल के पौराणिक विरासत के संरक्षण के लिए आधुनिक विकास के लिए काम करना होगा।
यूपी सीएम योगी ने कहा कि हमें उन लोगों से सावधान रहना होगा जो जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर, भाषा के नाम पर देश को कमजोर करना चाहते हैं। यहां पर अनेक बड़ी बड़ी गोशालाएं हैं, सरकार ने तय किया है जो भी किसान परिवार गोशाला में किसी गाय की सेवा का जिम्मा उठाता है तो सरकार हर महीने 1500 रुपए गोमाता की सेवा के लिए उस किसान परिवार को देगी।
