April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, 60 करोड़ की धोखाधड़ी से जुड़ा है मामला

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके बिजनेसमैन पति राज कुंद्रा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। दीपक कोठारी नाम के एक व्यापारी से 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद अब शिल्पा और उनके पति राज को देश के बाहर जाने की इजाजत नहीं होगी। साथ ही उनके हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी।

व्यवसाई दीपक कोठारी के मुताबिक वो साल 2015 में एक एजेंट के माध्यम से शिल्पा और राज की कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े थे। यह कंपनी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म चलाती थी। उन्होंने बताया कि साल 2015 से लेकर 2023 के बीच शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की कंपनी में 60 करोड़ रुपए का निवेश किया था। कोठारी ने आरोप लगाया कि कुंद्रा दंपति ने इस पैसे का उपयोग अपने निजी काम में किया। कोठारी का कहना है कि उन्हें आश्वासन दिया गया था कि 12 फीसदी के सालाना ब्याज के साथ तय समय में उनकी रकम लौटा दी जाएगी। शिल्पा शेट्टी ने खुद पर्सनल तौर पर उनको पैसा वापसी की गारंटी दी थी, मगर बाद में शिल्पा शेट्टी ने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया।

बाद में कोठारी को यह पता चला कि कंपनी पर 1.28 करोड़ का इंन्सॉल्वेंसी केस चल रहा है। बाद में कंपनी दिवालिया घोषित हो गई। कोठारी का दावा है कि इस बारे में भी उनको कोई जानकारी नहीं दी गई। इस मामले में मुंबई पुलिस ने उस ऑडिटर को पूछताछ के लिए तलब किया है जिसने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की कंपनी का ऑडिट किया था। हालांकि इस मामले में शिल्पा शेट्टी के वकील प्रशांत पाटिल का कहना है कि दीपक कोठारी खुद कंपनी में पार्टनर थे, उनके बेटे को डायरेक्टर बनाया गया था और यह एक इक्विटी एग्रीमेंट था। जो भी आरोप वो लगा रहे हैं वो बेबुनियाद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *