April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नेपाल में Gen Z प्रदर्शनकारियों ने रख दी ये मांगें, ओली सरकार के पतन के बाद अभी सेना के कंट्रोल में देश

काठमांड़ू। केपी शर्मा ओली सरकार के पतन के बाद नेपाल फिलहाल सेना के कंट्रोल में है। नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत देशभर में कर्फ्यू लगाया गया है। ओली सरकार के खिलाफ Gen Z  जेन जेड के हिंसात्मक विरोध प्रदर्शन के बाद बाद काठमांडू और अन्य जगह चप्पे-चप्पे पर सेना के जवान तैनात किए गए हैं। सेना ने जेन जेड प्रदर्शनकारियों को बातचीत के लिए बुलाया है। वहीं, जेन जेड प्रदर्शनकारियों ने कई मांगें रखी हैं। इन मांगों में नेपाल का संविधान फिर से लिखने या संशोधित करने, शासन व्यवस्था में बड़े पैमाने पर सुधार और 30 साल में देश की लूटी गई संपत्ति के मामले में नेताओं की जांच शामिल है।

जेन जेड प्रदर्शनकारियों ने ये मांग भी की है कि नेपाल में उनके प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से मारे गए युवाओं को शहीद का दर्जा दिया जाए। साथ ही मृतकों के परिवार को राजकीय सम्मान और राहत देने की मांग भी नेपाल के जेन जेड प्रदर्शनकारियों ने रखी है। जेन जेड प्रदर्शनकारी बेरोजगारी, पलायन और सामाजिक अन्याय जैसे मुद्दों पर भी खास कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। नेपाल के प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पार्टी या खास व्यक्ति के लिए नहीं, देश के भविष्य और पूरी युवा पीढ़ी के लिए है। उन्होंने कहा है कि नेपाल में नई राजनीतिक व्यवस्था की नींव पर ही शांति स्थापित हो सकती है। प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई है कि नेपाल के राष्ट्रपति और सेना उनकी मांगों को लागू करेंगे।

नेपाल में केपी शर्मा ओली की सरकार ने 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बैन कर दिए थे। इसके खिलाफ सोमवार को बड़ी संख्या में जेन जेड यानी युवा सड़कों पर उतरे थे। उन्होंने संसद पर धावा बोला था। जहां पुलिस ने हिंसा रोकने के लिए गोली चलाई। नेपाल के कई और हिस्सों में भी गोली चली। इससे 27-28 प्रदर्शनकारियों की जान गई। जिसके बाद मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने भ्रष्टाचार मिटाओ का नारा लगाया और ओली सरकार को सत्ता से हटाने की मांग करते हुए संसद, सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति और पीएम ओली के निजी घरों में आगजनी की थी। पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा और उनकी विदेश मंत्री पत्नी आरजू देउबा को जमकर पीटा गया था। नेपाल के वित्त मंत्री को भी सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर भीड़ ने पीटा था। इसके बाद सेना की सलाह मानते हुए नेपाल के पीएम पद से केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *