संजय कपूर की मौत के बाद उनकी संपत्ति को लेकर विवाद गहराया, करिश्मा कपूर ने बच्चों की तरफ से दायर की याचिका
नई दिल्ली। कारोबारी संजय कपूर की मौत के बाद उनकी संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संजय कपूर की एक्स वाइफ करिश्मा कपूर ने अपने बच्चों की तरफ से दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है और दिवंगत संजय कपूर की प्रॉपर्टी में बच्चों का हिस्सा मांगा है। करिश्मा कपूर की ओर से दायर अर्जी में संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव पर फर्जी वसीयत बनाने का आरोप लगाया गया है।
दावा है कि प्रिया ने संजय कपूर की पूरी दौलत पर कब्जा जमाने के लिए उनकी वसीयत से छेड़छाड़ की। बता दें कि करिश्मा कपूर और संजय कपूर के दो बच्चे हैं। एक लड़की जिसका नाम समायरा है वो 20 साल की है और लड़का जिसका नाम कियान है उसकी उम्र 14 साल है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने संजय कपूर की सभी संपत्तियों की जानकारी मांगी है और केस की अगली सुनवाई के लिए 9 अक्टूबर की तारीख तय की है। हाईकोर्ट ने इस मामले में सभी पक्षों से जवाब दाखिल करने को कहा है। करिश्मा कपूर ने अपने बच्चों की ओर से कहा है कि उन्हें अपने पिता की संपत्ति की पूरी जानकारी नहीं दी गई और उनकी सौतेली मां प्रिया ने जानबूझकर बहुत सी बातों को छुपाया। याचिका में करिश्मा की तरफ से कहा गया है कि प्रिया ने संजय की मौत के बाद कहा था कि उनकी कोई वसीयत नहीं है और सारी संपत्ति आरके फैमिली ट्रस्ट के पास है। हालांकि इसके बाद उन्होंने 21 मार्च 2025 वाला एक दस्तावेज पेश कर दिया और उसे संजय की वसीयत बताया।
वहीं प्रिया के वकील का कहना है कि यह मामला सुनवाई योग्य नहीं है। बता दें कि संजय कपूर की इंग्लैंड में पोलो खेलते समय हार्ट अटैक से 12 जून 2025 को मौत हो गई थी। संजय कपूर सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (सोना कॉम्स्टार) के प्रमुख थे। उनकी कंपनी का बाजार पूंजीकरण मूल्य लगभग 31 हजार करोड़ रुपये का है।
