February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के चार नेताओं के खिलाफ महिला ने दर्ज कराई एफआईआर, पुलिस कर रही जांच

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के महागठबंधन के चार नेताओं के खिलाफ दरभंगा में एक महिला ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि माई बहिन योजना का फॉर्म भरवाने के नाम पर महिलाओं से 200 रुपए वसूले गए। साथ ही महिला ने यह भी कहा है कि इस योजना के लिए महिलाओं का आधार नंबर, बैंक खाता संख्या और मोबाइल नंबर भी लिया गया जिसका दुरुपयोग किया जा सकता है। जिस महिला ने शिकायत दर्ज कराई है उसका नाम गुड़िया देवी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

एफआईआर में तेजस्वी यादव के अलावा राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक और आरजेडी नेता ऋषि मिश्रा तथा कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मस्कुर अहमद उस्मानी का भी नाम है। महिला ने आरोप लगाया है कि माई बहिन योजना के जरिए नेताओं के नाम पर भोली भाली महिलाओं के साथ ठगी की जा रही है। सिंहवाड़ा थाना प्रभारी बसंत कुमार ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या सच में माई बहिन योजना के फॉर्म भरने के नाम पर महिलाओं से 200 रुपए लिए गए या तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं के खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत आरोप लगाया गया है।

आपको बता दें कि तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले माई बहिन योजना का ऐलान किया है। अगर आरजेडी की सरकार बनी तो इस योजना के तहत प्रदेश में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को 2500 रुपये की वित्तीय सहायता देने की बात कही गई है। तेजस्वी यादव का कहना है कि इससे महिला सशक्तिकरण के साथ साथ वो आत्मनिर्भर बन सकेंगी और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ सकेगी। गौरतलब है कि बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जिसके लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *