पाकिस्तान को घर जैसा बताकर घिरे कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने दी सफाई, कहा- मैं तो सिर्फ…
नई दिल्ली। ओवरसीज कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा ने पाकिस्तान के बारे में दिए बयान पर निशाना बनने के बाद अब सफाई दी है। एक्स पर पोस्ट कर सैम पित्रोदा ने ये बयान दिया है। राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा है कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया। पित्रोदा ने सफाई में कहा है कि पाकिस्तान के बारे में दिए गए बयान का मतलब सिर्फ भारतीय उपमहाद्वीप के साझा इतिहास और लोगों के बीच संबंधों में सहजता दिखाना था।
ओवरसीज कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा है कि उनका मतलब दर्द, संघर्ष, आतंकवाद और भू-राजनीतिक तनावों से हुई गंभीर चुनौतियों को नजरअंदाज करना नहीं था। सैम पित्रोदा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पाकिस्तान पर बयान दिया था। सैम पित्रोदा ने कहा था कि वो कई देशों के साथ पाकिस्तान भी जा चुके हैं। ओवरसीज कांग्रेस के नेता ने कहा था कि पाकिस्तान में उनको घर जैसा लगा। बीजेपी ने इस बयान पर सैम पित्रोदा और कांग्रेस को घेरा था। इसकी वजह ये है कि भारत और पाकिस्तान के बीच कई बार सैन्य टकराव हो चुका है। साथ ही इस साल भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई की थी।
ओवरसीज कांग्रेस के नेता सैम पित्रोदा पहले भी विवाद पैदा करने वाले बयान दे चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पित्रोदा ने सिखों के खिलाफ दंगों पर ‘हुआ सो हुआ’ का बयान दिया था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले लोगों की संपत्ति को गरीबों के बीच बांटने की सलाह दी थी। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने बीते साल ये भी कहा था कि पूर्वोत्तर भारत में रहने वाले चीन, उत्तर भारत के रहने वाले यूरोप, पश्चिम भारत के निवासी अरब और दक्षिण भारत के अफ्रीका मूल के हैं। सैम पित्रोदा के उपरोक्त सभी बयानों से कांग्रेस ने दूरी बनाई थी। उनको कुछ दिन के लिए कांग्रेस ने सस्पेंड भी कर दिया था। बता दें कि राहुल गांधी के अमेरिका दौरों को सैम पित्रोदा ही करवाते हैं।
