बहुत हुई नेतागिरी…डूसू के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री को जान से मारने की धमकी, 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है। कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से रौनक को धमकी भरा व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया है। इसमें रौनक खत्री से 5 करोड़ की रंगदारी भी मांगी गई है। रौनक खत्री ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। रौनक खत्री ने बताया कि किसी अनजान नंबर से उसे कई बार व्हाट्सएप कॉल आई मगर उसने रिसीव नहीं की। इसके बाद उसे मैसेज के जरिए धमकी दी गई।
रौनक खत्री को भेजे गए मैसेज में धमकी देने वाले ने लिखा है, रोहित गोदारा बोल रहा हूं, बहुत हुई नेतागिरी, 5 करोड़ रुपए देने की तैयारी कर ले या फिर मरने के लिए तैयार हो जा। कब तक फोन नहीं उठाएगा, अब देखना गोली कैसे आएगी। 5 करोड़ से कम कोई समझौता नहीं होगा। पुलिस उस नंबर को ट्रेस करके उसकी लोकेशन जानने का प्रयास कर रही है जिससे रौनक को धमकी भेजी गई है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या यह धमकी सही में रोहित गोदारा ने ही दी है या फिर उसके नाम का किसी ने इस्तेमाल किया है। मैसेज एक विदेशी नंबर से भेजा गया है।
दिल्ली पुलिस के साइबर विंग और क्राइम ब्रांच को मामले की जांच सौंपी गई है। आपको बता दें कि रौनक खत्री पिछले साल 2024 में एनएसयूआई की ओर से डूसू अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े थे जिसमें उनको जीत हासिल हुई थी। उन्होंने एबीवीपी के ऋषभ चौधरी को हराया था। लॉ कॉलेज में एडमीशन लेने के बाद रौनक खत्री ने पीने के पानी की खराब व्यवस्था को लेकर आवाज उठाई थी और खुद ही कॉलेज कैंपस में पानी के मटके रखवाए का काम किया इसके बाद उनका नाम मटका मैन पड़ गया था।
