June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए सरकार में है, दिल्ली में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए बोले पीएम नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर बीजेपी की दिल्ली इकाई के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा, हमारे लिए कोई भी बीजेपी कार्यालय किसी देवालय से, किसी मंदिर से कम नहीं है। बीजेपी के कार्यालय सिर्फ इमारतें नहीं है, ये मजबूत कड़ियां हैं, जो पार्टी को जमीन से, जन-अपेक्षाओं से जोड़े रखती हैं। बीजेपी सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए सरकार में है। ये कार्यालय इसी चेतना को जागृत रखते हैं। प्रधानमंत्री बोले, बीजेपी-एनडीए सरकारों ने देश में सुशासन का एक नया मॉडल दिया है। हम विकास भी और विरासत भी, के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं। हमने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। हमने देश को बड़े घोटालों से मुक्त कराया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक जंग का विश्वास जगाया है।

मोदी ने कहा, नवरात्र के पावन पर्व पर दिल्ली बीजेपी को अपना नया कार्यालय मिला है। यह नए संकल्पों और नए सपनों से भरा पल है। बीजेपी की स्थापना को 45 वर्ष हो चुके हैं। जिस बीज से बीजेपी आज इतना बड़ा वट वृक्ष बना है उसका रोपण अक्टूबर 1951 में हुआ था। तब डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी और उसी दौर में दिल्ली जनसंघ को भी वैद्य गुरुदत्त जी के रूप में अपना पहला अध्यक्ष मिला। फिर समय समय पर आडवाणी जी समेत कई नेता दिल्ली जनसंघ की कमान संभालते रहे। आज दिल्ली बीजेपी जिस मजबूती में है वो बीते दशकों में हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम का परिणाम है।

मोदी ने कहा, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज जैसे अनगिनत नेताओं ने पार्टी को अपना जीवन समर्पित कर दिया। दिल्ली और बीजेपी का रिश्ता किसी शहर और पार्टी का नहीं, बल्कि सेवा, संस्कृति और अच्छे-बुरे समय में साथी बनने का है। बीजेपी यहां के लोगों से जुड़ी रही है। हमने यहां हर तरह से लोगों की सेवा की है। जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने विभाजन के बाद आए लोगों की मदद की, पुनर्वास की व्यवस्था की। आडवाणी जी उन लोगों की आवाज बने। 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के दौरान भी दिल्ली बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने हमारे सिख भाई बहनों की हर संभव रक्षा की। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के मंत्रियों समेत पार्टी के अन्य नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *