एयर होस्टेस की फोटो, लड़कियों की डीपी के स्क्रीनशॉट, चैतन्यानंद के मोबाइल फोन से उजागर हुए कई राज
नई दिल्ली। दिल्ली के मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की 17 छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन से उसके घिनौने कृत्यों के राज उजागर हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, चैतन्यानंद के मोबाइल से कई लड़कियों के साथ उसकी व्हाट्सएप चैट मिली। इन चैट्स में चैतन्यानंद लड़कियों को झांसा देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। वहीं कई एयरहोस्टेस के साथ भी उसने फोटो खिंचवाई है जो उसके फोन में मिली हैं। इसके अलावा कई लड़कियों के मोबाइल फोन की डीपी की स्क्रीनशॉट्स चैतन्यानंद में अपने मोबाइल फोन में सेव कर रखी है।
चैतन्यानंद से पूछताछ के बाद उसके और भी कई कारनामों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने चैतन्यानंद को आगरा से गिरफ्तार किया था। उसके साथ उसकी 2 महिला सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया था। पुलिस चैतन्यानंद और उसकी महिला सहयोगियों का आमना सामना कराने जा रही है। पुलिस का कहना है कि चैतन्यानंद पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है। वो सवालों का ठीक ढंग से जवाब भी नहीं दे रहा है। उसके बारे में पुलिस को एक और जानकारी पता चली है। पुलिस के अनुसार चैतन्यानंद के पास दो पासपोर्ट हैं। एक पासपोर्ट उसने स्वामी पार्थ सारथी के नाम से बनवाया है जबकि दूसरे पासपोर्ट में उसका नाम स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती लिखा हुआ है।
बता दें कि वसंत कुंज इलाके में स्थित श्री शारदा भारतीय प्रबंधन संस्थान की 17 छात्राओं ने संस्थान के प्रबंधक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर छेड़छाड़ समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। यह सभी छात्राएं ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप पर पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (PGDM) कोर्स कर रही हैं। चैतन्यानंद इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली गरीब घर की लड़कियों को अपने जाल में फंसाने का काम करता था। वो इन लड़कियों को विदेश यात्रा, महंगे गिफ्ट का प्रलोभन देता था और बात न मानने पर फेल करने की धमकी देता था।
