एशिया कप फाइनल के बाद जो हुआ, नहीं होना चाहिए था…मोहसिन नकवी ने बीसीसीआई से मांगी माफी
नई दिल्ली। एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर जारी विवाद के बीच एशियन क्रिकेट काउंसिल की बैठक हुई जिसमें बीसीसीआई ने यह मुद्दा उठाया। इस पर एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने माफी मांगते हुए कहा कि फाइनल के बाद जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था। वहीं बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के द्वारा एशिया कप ट्रॉफी भारत को लौटाए जाने के सवाल पर नकवी ने कहा कि भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एशियन क्रिकेट काउंसिल के दफ्तर आएं और ट्रॉफी ले जाएं। नकवी के इस बयान से यह स्पष्ट है कि फिलहाल यह मामला शांत नहीं हुआ है। बीसीसीआई नवंबर में होने वाली आईसीसी की बैठक में जरूर यह मुद्दा उठाएगा।
इससे पहले मोहसिन नकवी ने अड़ियल रवैया अपनाते हुए कहा था कि एक आधिकारिक समारोह का आयोजन हो जिसमें वो खुद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देंगे। दूसरी तरफ इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए भारत के पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने कहा है कि माफी मांगना या नहीं मांगना यह अलग बात है लेकिन एशिया कप की ट्रॉफी मोहसिन नकवी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है जो उसे लेकर वो चले गए हैं। आजाद ने कहा कि यह तो ऐसा हो गया जैसे आउट हो गए तो बैट और बॉल लेकर चले गए।
बता दें कि मोहसिन नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल के साथ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के भी अध्यक्ष हैं और पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। वहीं पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने नकवी का विरोध करते हुए कहा कि उनको एक पद छोड़ देना चाहिए। अफरीदी का कहना है कि मौजूदा समय में पाकिस्तान क्रिकेट पर ध्यान देने की जरूरत है। गौरतलब है कि एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया था। इसके बाद जब मोहसिन नकवी टीम इंडिया को विजेता ट्रॉफी देने मंच पर पहुंचे तो भारतीय खिलाड़ियों ने उनके हाथ से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
