एक मैच में दो-दो सुपर ओवर, आखिरी गेंद तक बना रहा सस्पेंस, अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने मारी बाजी
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच बहुत ही जबर्दस्त और रोमांचक मैच देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 187 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 187 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर हुआ मगर उसमें भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं फिर दूसरा सुपर ओवर कराया गया और तब कहीं जाकर दक्षिण अफ्रीका की टीम मैच जीत सकी। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने भी मैच में पूरी जान लगा दी।
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 रन बनाए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने दो चौके और एक छक्का जड़ा। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने भी एक ओवर में 17 रन बना लिए। हालांकि सुपर ओवर की तीसरी गेंद में डेवाल्ड ब्रेविस आउट हो गए और आखिरी गेंद ने जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, ऐसे में ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का मारकर मैच को फिर से बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद दूसरा सुपर ओवर खेला गया। दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और 6 गेंद में 23 रन बना डाले। स्टब्स ने पहली गेंद में छक्के से शुरुआत की और फिर मिलर ने ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर लगाताद दो छक्के जड़ दिए।
अब अफगानिस्तान को जीत के लिए एक ओवर में 24 रन बनाने थे। अफगानिस्तान की ओर से नबी और ओमरजाई बैटिंग के लिए आए वहीं दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज को बॉलिंग दी गई। पहली गेंद डॉट रही और दूसरी गेंद पर नबी आउट हो गए। अब 24 रन बनाने के लिए टीम को चार गेंद में चार छक्के चाहिए थे। ऐसे में गुरबाज बैटिंग के लिए आए और अगली तीन गेंदों में तीन छक्के जड़ दिए। इसके बाद एक गेंद वाइड हो गई। मगर लास्ट बॉल पर गुरबाज कैच आउट हो गए और इस तरह से दक्षिण अफ्रीका ने बहुत ही रोमांचक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
