भारत के सर्वाधिक अमीरों की लिस्ट में पहली बार शाहरुख खान का नाम, जानिए नंबर वन और टू की पोजिशन पर कौन है काबिज
नई दिल्ली। भारत के सबसे अमीर शख्सियतों की नई लिस्ट में पहली बार बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान का नाम शामिल किया गया है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में शाहरुख खान की नेटवर्थ 12,490 करोड़ रुपये बताई गई है और इसी के साथ वो अरबपतियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। भारत के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी इस लिस्ट में पहले पायदान पर कायम हैं, उनकी कुल नेटवर्थ 9.55 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं 8.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक गौतम अडाणी सूची में दूसरे नंबर पर हैं।
इस लिस्ट में एचसीएल की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने टॉप 3 में जगह बनाकर सबको चौंका दिया है। रोशनी नादर मल्होत्रा 2.84 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला भी बन गई हैं। इतना ही नहीं वो सर्वाधिक अमीरों की इस लिस्ट में टॉप-10 की सबसे युवा सदस्य भी हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक साइरस सोली पूनावाला 2.46 लाख करोड़ की नेटवर्थ के साथ चौथे स्थान पर हैं जबकि 2.32 लाख करोड़ की संपत्ति के मालिक कुमार मंगलम बिड़ला पांचवें पायदान पर हैं।
कारोबारी नीरज बजाज अरबपतियों की सूची में छठवें नंबर पर हैं। खास बात यह है कि उनकी दौलत में सर्वाधिक 69,875 करोड़ रुपये की बढ़त हुई है और इस तरह से उनकी नेटवर्थ अब 2.33 लाख करोड़ रुपए हो गई है। इस बार कुल 1,687 लोग ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक हजार करोड़ रुपये से अधिक रही है। शहरों के आधार पर बात करें तो सबसे ज्यादा 451 अरबपति मुंबई के हैं। इसके बाद दिल्ली में 223 और बेंगलुरु में 116 अरबपति हैं। बिजनेस वाइस देखें तो सर्वाधिक 137 अरबपति फार्मा सेक्टर के हैं। इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स से 132 और केमिकल्स-पेट्रोकेमिकल्स से 125 अरबपतियों का नाम है। जबकि रियल एस्टेट सेक्टर से भी 99 अरबपतियों को इस लिस्ट में शामिल किया गया है।
