June 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कौन राम है, कौन लक्ष्मण, छोटे भाई को मर्यादा देखनी चाहिए, तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव को दी नसीहत

नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सरगर्मी के बीच एक बार फिर लालू परिवार की कलह खुलकर सामने आ गई है। लालू यादव के बड़े तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा कि छोटे भाई को मर्यादा देखनी चाहिए। तेज प्रताप से पत्रकारों ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सवाल किया कि तेजस्वी यादव का कहना है कि जो भी भैया का करीबी होता है उसको वो पार्टी के खिलाफ भी खड़ा कर देते हैं। इस पर तेज प्रताप भड़क गए, उन्होंने कहा कि मैं उस पार्टी (आरजेडी) में नहीं हूं। छोटे भाई हैं तो उनको समझना चाहिए कि कौन राम है, कौन लक्ष्मण है।

तेज प्रताप ने कहा कि छोटे भाई को बड़े भाई का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा हालांकि मैं इस पर पड़ना नहीं चाहता लेकिन तेजस्वी जो भी कर रहे हैं अपनी बुद्धि और विवेक से कर रहे होंगे। हो सकता है कि जयचंद लोग उनको ऐसा करने के लिए बोल रहे हों लेकिन उनको अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करना चाहिए। आज की राजनीति का रावण किसे मानते हैं, इस सवाल पर तेज प्रताप ने कहा कि रावण कोई नहीं होता, रावण असुर होता है जो लोगों के दिमाग में बसा होता है, उस सोच को लोग बदल देंगे तो रावण अपने आप खत्म हो जाएगा।

तेज प्रताप ने कहा कि जो लोग जलते हैं वो जलते रहें, हमें तो आगे बढ़ना है, हम मो जनता के बीच जाएंगे। मेरी हर एक चीज जनता के लिए है और हमने खुद को जनता के लिए न्योछावर कर दिया है। बता दें कि बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने परिवार और आरजेडी से बेदखल किए जाने बाद जनशक्ति जनता दल के नाम से अपनी पार्टी बनाई है और जोर शोर से पार्टी के प्रचार में जुटे हुए हैं। उनकी पार्टी का चुनाव चिन्ह ब्लैक बोर्ड है। हाल ही में तेज प्रताप ने अपनी पार्टी का पोस्टर जारी किया था उसमें लालू यादव या राबड़ी देवी की फोटो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *