April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केएल राहुल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ा शतक, सीटी बजाकर मनाया जश्न, फैंस को पसंद आया अंदाज

नई दिल्ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज भारतीय ओपनर केएल राहुल ने शानदार शतक लगाया। टेस्ट करियर में राहुल का यह 11वां शतक है। वहीं भारत में उनका दूसरा शतक है। राहुल ने 9 साल बाद घरेलू धरती पर टेस्ट शतक जमाया है। इस शतक को पूरा करने के बाद केएल राहुल ने मैदान पर अलग ही अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने हेलमेट उतारकर नीचे रखा, बल्ला ऊपर उठाया और सीटी बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया। राहुल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

राहुल 197 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए। सधी हुई बैटिंग करते हुए अपनी आज की पारी में राहुल ने 12 चौके लगाए। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका ये दूसरा टेस्ट शतक है। राहुल ने साल 2014 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। जनवरी 2015 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राहुल ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था। इसके बाद 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ केएल राहुल ने चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में शतक लगाया था, ये उनका घर पर पहला टेस्ट शतक था और करियर का चौथा टेस्ट शतक था। उस मैच में राहुल ने 199 रनों की पारी खेली थी जो उनके टेस्ट करियर में अब तक का बेस्ट स्कोर है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की बात करें तो इसमें राहुल का यह छठा शतक है। बतौर ओपनर इस साल राहुल ने यह दूसरा टेस्ट शतक लगाया है। इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी उन्होंने शतक मारा था। राहुल ने अपने टेस्ट करियर में अभी तक सर्वाधिक पांच टेस्ट शतक इंग्लैंड के खिलाफ ही लगाए हैं। खबर लिखे जाने तक भारत का स्कोर 250 रन के पार हो चुका है जबकि उसके 3 विकेट गिर चुके हैं। रवींद्र जडेजा और ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज की टीम कल पहली पारी में 162 रन पर ऑल आउट हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *