‘मैं ही डिप्टी सीएम बनूंगा’, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन में सीट बंटवारे से पहले वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कर दिया दावा
पटना। बिहार में विपक्ष के महागठबंधन ने अभी सीट बंटवारे पर कोई एलान नहीं किया है। महागठबंधन में सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए आरजेडी और कांग्रेस समेत अन्य घटक दलों की रविवार को बैठक हुई। बैठक के खत्म होने के बाद महागठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने चुनाव जीतने पर खुद के डिप्टी सीएम बनने का एलान कर दिया। मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन के दलों के बीच विस्तार से बातचीत हुई है। सीट बंटवारे पर सबकुछ तय हो गया है। अगले दो-तीन दिन में हम एलान करेंगे।
मुकेश सहनी पहले ही बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 60 पर लड़ने का एलान कर चुके हैं। जबकि, बिहार विधानसभा के 2020 में हुए चुनाव में मुकेश सहनी एनडीए के साथ थे। उस वक्त उनको 11 सीट मिली थीं। इनमें से मुकेश सहनी की पार्टी सिर्फ 3 सीट ही जीत सकी थी। बाद में मुकेश सहनी आरजेडी के साथ चले गए। अब उनकी तरफ से 60 सीट की मांग और और डिप्टी सीएम पद पर दावा ठोके जाने से महागठबंधन में नया पेच भी फंस सकता है। क्योंकि कांग्रेस खेमे से पहले ही खबर आ चुकी है कि पार्टी कम से कम 90 सीट चाहती है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने जीती हुई सीटों के अलावा वो सीटें मांगी हैं, जहां पिछली बार उसके प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे। कांग्रेस 2020 में बिहार की 70 सीट पर लड़ी थी और 19 ही जीत सकी थी।
महागठबंधन में सिर्फ आरजेडी, कांग्रेस और मुकेश सहनी की वीआईपी ही नहीं हैं। महागठबंधन में वामदल भी हैं। इसके अलावा हेमंत सोरेन का झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) भी महागठबंधन में शामिल है। वहीं, एलजेपी के एक धड़े के प्रमुख पशुपति पारस भी महागठबंधन के हिस्से के तौर पर बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं। बीते दिनों ये खबर भी आई थी कि वामदलों में से सीपीआई ने 24 और सीपीएम ने 11 सीट देने की मांग महागठबंधन में रखी है। ऐसे में महागठबंधन की ओर से सीट बंटवारे पर दो से तीन दिन में एलान किए जाने के मुकेश सहनी के बयान से साफ है कि अभी शायद मसला हल नहीं हो सका है।
