भगवान राम और माता जानकी के अटूट संबंध जैसा है यूपी और बिहार का रिश्ता, दानापुर रैली में बोले योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बिहार के दानापुर से अपनी चुनावी रैली का आगाज किया। योगी आदित्यनाथ ने बिहार की जनता को आरजेडी शासन काल के जंगलराज की याद दिलाई और वंशवादी राजनीति के प्रति आगाह किया। योगी बोले, उत्तर प्रदेश और बिहार का संबंध सिर्फ एक संबंध नहीं बल्कि एक साझी विरासत है। एक आत्मा का संबंध है, एक संस्कृति का संबंध है और एक संकल्प का भी संबंध है। यह संबंध उसी प्रकार से अटूट है जैसे भगवान राम और माता जानकी का संबंध अटूट है।
सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, कौन नहीं जानता, 1990 से 2005 तक बिहार का जंगलराज और परिवारवाद। आपने देखा होगा कि वो कौन लोग थे जिन्होंने बिहार की आध्यात्मिक ज्ञान की भूमि को, परिवारवाद और अपराध की भूमि बनाकर यहां के हमारे युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। विकास के नाम पर यहां पेशेवर गुंडे और माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्रदान करके पूरे बिहार के विकास को बाधित कर दिया गया था। पिछले 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को उस कलंक से मुक्त करने के लिए प्रभावी ढंग से काम किया है।
योगी बोले, बिहार में फिर से डबल इंजन की सरकार बने और डबल इंजन वाली सरकार के नेतृत्व में बिहार के विकास की गति तेजी से बढ़ती दिखे। पिछले 20 सालों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जो बिहार के विकास में जो काम किए हैं, वो गति इसी तरह बनी रहे और इसके लिए मैं आज बिहार के बहनों और भाइयों से अपील करने आया हूं। यूपी सीएम ने कहा, यह मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि दीपावली और छठ के महापर्व से पूर्व मुझे अपने पुराने साथी रामकृपाल यादव के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने दानापुर आने का अवसर प्राप्त हुआ। दानापुर की अपनी महत्ता है। भारत के महान गणितज्ञ आर्यभट्ट जिनके नाम पर भारत ने अपना उपग्रह छोड़ा था, यह दानापुर उनकी जन्मभूमि है। आचार्य कौटिल्य, चंद्रगुप्त मौर्य और महान अशोक जैसे महाप्रतापी जैसे राष्ट्र शिल्पियों को देने वाला हमारा यह बिहार जाना जाता है।
