यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी युद्ध रुकवाने की लगाई गुहार
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इजरायल और हमास के बीच जंग खत्म होने का ऐलान कर चुके हैं। इसी के साथ अब गाजा में दो साल से ज्यादा समय के बाद शांति लौटने लगी है। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने भी रूस के जारी जारी युद्ध रुकवाने की गुहार लगाई है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, अब जबकि मध्य पूर्व में युद्ध समाप्त हो रहा है, यह जरूरी है कि शांति की दिशा में आगे बढ़ने की गति न रुके। यूरोप में भी युद्ध को समाप्त किया जा सकता है और इसके लिए संयुक्त राज्य अमेरिका और अन्य सहयोगियों का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जेलेंस्की ने आगे लिखा, आज मैंने फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ इस मुद्दे पर लगभग एक घंटे तक चर्चा की। हम अपनी स्थिति का समन्वय कर रहे हैं। यह महत्वपूर्ण है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने और गाजा में युद्ध को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने में सफल रहे। निस्संदेह, संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा की गई सही कार्रवाई यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध को समाप्त करने में भी मदद कर सकती है। इसके लिए हमारे पास एक समान दृष्टिकोण है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा, हमने अलेक्जेंडर स्टब के साथ हमारे ऊर्जा क्षेत्र पर हाल ही में हुए रूसी हमलों और वायु रक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। मैं मदद के लिए उनकी तत्परता के लिए आभारी हूं। रूस को युद्ध और आतंक जारी रखने के साधनों से वंचित किया जाना चाहिए और यह हमारे क्षेत्र में शांति का सबसे विश्वसनीय आधार बन सकता है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कई दौर की बातचीत कर चुके हैं मगर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ युद्ध रोकने के लिए तैयार नहीं हैं। रूस के द्वारा लगातार यूक्रेन पर हमले जारी हैं।
