पहाड़ों से मैदान तक बढ़ी ठंड, जम्मू-कश्मीर में कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंचा, इन राज्यों में भी लोग रहे ठिठुर
नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों समेत उत्तर भारत में ठंड अब कंपाने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में कई जगह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे जा रहा है। पंजाब में भी कई जगह पारा काफी नीचे दर्ज हो रहा है। हिमाचल और उत्तराखंड में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं, श्रीनगर में रविवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री नीचे रहा। पुलवामा में न्यूनतम तापमान शून्य से 5 डिग्री, अनंतनाग में शून्य से 4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के जोजिला दर्रे में न्यूनतम तापमान शून्य से 16 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश में भी ज्यादातर जगह ठंड बढ़ रही है। कई जगह तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। माना जा रहा है कि राज्य में अगले कुछ दिन में बर्फबारी शुरू हो सकती है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के भी ऊंचाई वाले इलाकों में तेज ठंड हो रही है। जिससे राज्य के मैदानी इलाकों में भी लोग ठिठुर रहे हैं। अब मैदान की तरफ आते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रहा। यहां रविवार को पारा 7 डिग्री पर था। उधर, हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ। जबकि, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने इससे पहले बताया था कि अगले दो से तीन दिन में उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में ठंड काफी तेज हो जाएगी। उत्तर भारत में दिल्ली पहले से ही प्रदूषण के कारण धुंध के लपेटे में है। ठंड तेज होने और कोहरा से दिल्ली में लोगों की दुश्वारी और बढ़ सकती है। पश्चिमी यूपी, पूर्वी यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश के कई इलाकों, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने के भी आसार हैं। वहीं, दक्षिण भारत में चक्रवात के कारण भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई जगहों के लिए भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
