June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, पुलिस ने बनाई 1300 की लिस्ट; अतिक्रमण पर भी बुलडोजर से एक्शन जारी

पटना। बिहार में फिर एनडीए सरकार का गठन होने के बाद बीजेपी के कोटे से डिप्टी सीएम बने सम्राट चौधरी को गृह विभाग मिला। गृह विभाग का जिम्मा संभालने के बाद ही सम्राट चौधरी ने कहा था कि बिहार में अब अपराधियों और माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। गृह मंत्री सम्राट चौधरी के बयान के बाद अब बिहार पुलिस और ईओडब्ल्यू अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। बिहार के डीजीपी विनय कुमार का कहना है कि पहले ही 400 अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई जारी है। अब 1200-1300 अपराधियों की लिस्ट तैयार हुई है। इनकी भी संपत्ति जब्त की जाएगी।

बिहार सरकार ने तय किया है कि बालू माफिया, जमीन माफिया, अवैध शराब का कारोबार करने वालों, ठेके पर हत्या करने वालों, गिरोहों और आर्थिक अपराध में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधियों की लिस्ट भी तैयार हो गई है। साथ ही सरकारी जमीनों को भी अतिक्रमण से मुक्त कराने का काम बिहार सरकार कर रही है। पटना समेत बिहार के कई जिलों में अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है। इसके साथ ही बिहार पुलिस ने एंटी रोमियो स्क्वॉड को भी एक बार फिर सक्रिय कर दिया है। लड़कियों के स्कूल और कॉलेजों के बाहर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है।

बिहार में अब तक सीएम नीतीश कुमार ही गृह विभाग अपने पास रखते रहे। पहली बार उन्होंने गृह विभाग की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दिया है। इसे अहम माना जा रहा है। क्योंकि बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पटना में बड़े कारोबारी की हत्या के अलावा तमाम और जिलों में अपराधियों ने खूब खून-खराबा किया था। इसे विपक्ष ने चुनाव के दौरान मुद्दा बनाया और नीतीश कुमार के राज में कानून और व्यवस्था की खराब स्थिति बताई। उस वक्त भी सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार ने कहा था कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। बिहार पुलिस ने तब कई बड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया था या एनकाउंटर में मार गिराया, लेकिन अब बिहार में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर नीतीश कुमार सरकार नजीर तैयार करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *