April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सोनिया गांधी के करीबी रहे अहमद पटेल के बेटे फैसल ने कांग्रेस को तोड़ने की जताई इच्छा,

नई दिल्ली। कांग्रेस की नैया लगातार हिचकोले खा रही है। लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस एक तरफ महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार विधानसभा चुनाव में बुरी तरह हारी है। दूसरी तरफ अब उसे तोड़ने की बात एक ऐसे नेता के बेटे ने कही है, जिनको यूपीए सरकार के वक्त सोनिया गांधी का सबसे करीबी माना जाता था। जी हां। कांग्रेस महासचिव और सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने कांग्रेस तोड़ने की बात कही है। अहमद पटेल के बेटे फैसल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि वो कांग्रेस को तोड़ना चाहते हैं।

अहमद पटेल के बेटे ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि वो कांग्रेस को तोड़कर कांग्रेस-एपी यानी अहमद पटेल बनाना चाहते हैं। फैसल पटेल ने ये भी लिखा है कि इसमें उनकी बहन और कांग्रेस की नेता मुमताज पटेल भी शामिल हो सकती हैं। हालांकि, फैसल की ये पोस्ट आने के बाद उनकी बहन और अहमद पटेल की बेटी मुमताज ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि किसी नई पार्टी में शामिल होने या नई पहल का हिस्सा बनने का उनका कोई इरादा नहीं है। मुमताज पटेल ने लिखा है कि उनके भाई फैसल के विचार और फैसले निजी हैं। मुमताज ने खुद को इससे न जोड़ने के लिए कहा है।

कांग्रेस की बात करें, तो कर्नाटक में सिद्धारामैया और डीके शिवकुमार के बीच सत्ता के लिए जारी खींचतान को उसने अभी किसी तरह थामा है। इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 71 में से सिर्फ 6 प्रत्याशी जीते। इस पर पार्टी में घमासान मचा है। वहीं, कांग्रेस को दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली थी। कांग्रेस को ये उम्मीद थी कि हरियाणा में उसकी सरकार बनेगी, लेकिन वहां विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सिर्फ 37 सीट जीत सकी। उससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 16 सीट ही हासिल हो सकी। जबकि, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 99 सीट जीती थी। जिसकी वजह से राहुल गांधी समेत कांग्रेस के तमाम नेता दावा कर रहे थे कि पार्टी अब बीजेपी को चुनावों में हराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *