‘ड्रामा करने के लिए और भी जगह हैं’, संसद सत्र शुरू होने से पहले पीएम मोदी का विपक्ष पर निशाना
नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने सोमवार को संसद का सत्र शुरू होने से पहले मीडिया से संवाद के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां ड्रामा नहीं डिलीवरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्रामा करने के लिए और भी जगह हैं। नेगेटिविटी नहीं, नेशन बिल्डिंग यानी राष्ट्र निर्माण की चर्चा होनी चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष पराजय की निराशा से बाहर आए और संसद में मजबूत मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि संसद का ये सत्र विकसित भारत के प्रयास में और ऊर्जा भरने का मौका है। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि नई पीढ़ी के सांसदों को अनुभव का लाभ मिलना चाहिए।
पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना इसलिए साधा है, क्योंकि विपक्ष ने संसद में एसआईआर का मुद्दा जोर-शोर से उठाने का फैसला किया है। साथ ही कांग्रेस की तरफ से वोट चोरी कर बिहार चुनाव हरवाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। बीते दिनों ही बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आरजेडी समेत विपक्षी गठबंधन की बड़ी पराजय हुई है। बिहार में आरजेडी को 25 तो कांग्रेस को सिर्फ 6 सीट ही हासिल हुई। इसके बाद कांग्रेस के नेता एक बार फिर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं। 14 दिसंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर ही कांग्रेस दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली भी करने वाली है।
संसद का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में मोदी सरकार का इरादा 12 बिल पास कराने का है। इनमें बीमा क्षेत्र को 100 फीसदी विदेशी निवेश यानी एफडीआई के लिए खोलने वाला अहम बिल भी शामिल है। साथ ही तंबाकू उत्पादों पर एक्साइज और गुटखा पर अतिरिक्त सेस लगाने संबंधी बिल भी संसद से पास कराने की मोदी सरकार ने तैयारी की है। ऐसे में पीएम मोदी ने विपक्ष को साफ संदेश दिया है कि उसके नेताओं ने अगर हल्ला-गुल्ला भी किया, तो भी सरकार संसद में अपने एजेंडे पर आगे बढ़ेगी।
