हिंदू देवी देवताओं के अपमान पर तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी पर भड़की बीजेपी, कांग्रेस और राहुल गांधी से किया सवाल
नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को हैदराबाद स्थित गांधी भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए हिंदुओं की आस्था का मजाक उड़ाया और देवी-देवताओं के लिए अपमानजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हिंदू कितने भगवानों में विश्वास करते हैं? कुंवारे लोगों के लिए अगल भगवान, दो बार शादी करने वालों के लिए एक और भगवान हैं, शराब पीने वालों के लिए भी एक अलग भगवान, इतने भगवान क्यों हैं? वहीं तेलंगाना सीएम के इस आपत्तिजनक बयान का बीजेपी ने सख्त विरोध जताया है।
बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जिस तरह हिंदू देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक और अनुचित टिप्पणी की है, वह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यह वही मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने जुबली हिल्स चुनाव के दौरान खुलेआम कहा था कि ‘कांग्रेस मतलब मुसलमान और मुसलमान मतलब कांग्रेस।’ बीजेपी नेता ने कहा, आप पूरे तहे दिल से मुस्लिम समाज के साथ जाइए, हमें कोई समस्या नहीं है। आप उनके साथ हमसफर, हमप्याला, हमनिवाला और हमराज हो जाइए इसमें भी हमें कोई समस्या नहीं है मगर हिंदू धर्म के देवी-देवताओं को गाली देंगे हैं, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
त्रिवेदी ने कहा, कांग्रेस पार्टी के अंदर भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म के प्रति किस सीमा तक अवमानना, तिरस्कार और घृणा भरी हुई है वह बरबस झलककर सामने आ जाता है। इससे पहले भी तेलंगाना में एआईएमआईएम के नेता ने हिंदू धर्म के लिए बहुत ही अपमानजनक बातें कहीं थीं और कांग्रेस ने जुबली हिल्स उपचुनाव में उसी एआईएमआईएम से समर्थन लिया था। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो बच्चों से कह रहे हैं, राधे-राधे कहने से क्या होगा। मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या कांग्रेस पार्टी ने हिंदू धर्म के समूल नाश के कार्यक्रम को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है और अपने मुख्यमंत्रियों को यह निर्देश दे दिए हैं कि भारतीय संस्कृति और हिंदू धर्म के देवी-देवता के बारे में सीधा हमला करना शुरू कर दो।
