April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आरबीआई ने रेपो रेट में कर दी 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती, कम हो जाएगी लोन की ईएमआई

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती का फैसला किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिक नीति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के विषय में जानकारी देते हुए आज यह ऐलान किया। रेपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती के बाद अब यह घटकर 5.25 फीसदी पर आ गया है। इस कटौती के बाद से होम, कार और पर्सलन लोन की ईएमआई भी कम हो जाएगी। साथ ही बैंक कम ब्याज दरों पर ऋण की सुविधा का ऐलान कर सकते हैं। रेपो रेट में कटौती तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

इस साल आरबीआई ने चौथी बार रेपो रेट घटाया है। इससे पहले फरवरी, अप्रैल और जून में रेपो रेट में कटौती की जा चुकी है। सबसे पहले फरवरी में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी और उसके बाद अप्रैल में भी रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती का ऐलान किया गया था। फिर जून में रेपो रेट 50 बेसिस प्वाइंट यानी कि 0.50 प्रतिशत कमी का ऐलान किया गया जिसके बाद रेपो रेट 6 प्रतिशत से घटकर 5.5 प्रतिशत पर आ गया था और अब 0.25 फीसदी की और कमी के चलते यह 5.25 प्रतिशत पर पहुंच गया है।

गौरतलब है कि रेपो रेट उस ब्याज दर को कहते हैं जिसपर भारतीय रिजर्व बैंक देश के अन्य बैंकों को नकदी उपलब्ध कराता है। रेपो रेट में कटौती के साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2026 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर के अनुमान को संशोधित कर 7.3 प्रतिशत कर दिया। इससे पहले यह अनुमान 6.8 प्रतिशत लगाया गया था। जबकि तीसरी तिमाही के लिए महंगाई का अनुमान पहले के 6.4 फीसदी से बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया गया और इसी तरह चौथी तिमाही के लिए 6.2 प्रतिशत से 6.5 प्रतिशत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *