पीएम मोदी ने सेट किया पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीत का लक्ष्य, एनडीए सांसदों को जुट जाने का दिया निर्देश
नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। उस वक्त पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को जुटने के लिए कहा था। पीएम मोदी ने मंगलवार को एनडीए सांसदों को संबोधित करते हुए बंगाल जीतने का लक्ष्य सेट किया है। पीएम मोदी ने एनडीए सांसदों को संबोधन में उनको बिहार के बाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के लिए जुट जाने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी के बंगाल चुनाव जीतने संबंधी लक्ष्य सेट किए जाने से एनडीए के सभी दलों के सांसद उत्साहित दिखे।
पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल में लंबे वक्त से टीएमसी की सरकार है। ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सीएम हैं। ममता बनर्जी 20 मई 2011 को पहली बार पश्चिम बंगाल की सीएम बनी थीं। तभी से राज्य की सियासत पर उनकी पकड़ मजबूत रही है। बीजेपी लाख कोशिश के बावजूद ममता बनर्जी की टीएमसी को सत्ता से हटा नहीं सकी है। बीजेपी ने साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 77 सीट जीती थीं। वोट प्रतिशत का आंकड़ा देखें, तो पश्चिम बंगाल में बीजेपी के वोटर बढ़े हैं। साल 2006 में पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सिर्फ 2 फीसदी वोट प्रतिशत था। जबकि, 2021 में ये बढ़कर 38 फीसदी हो गया।
पश्चिम बंगाल देश के उन राज्यों में है, जिसे बीजेपी हर हाल में जीतकर वहां अपनी सरकार बनाना चाहती है। बीजेपी इससे उत्साहित हो सकती है कि पश्चिम बंगाल में उसका वोट प्रतिशत 15 साल में 36 फीसदी बढ़ा, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पश्चिम बंगाल में 2019 के मुकाबले 6 सीट का नुकसान भी हो चुका है। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 12 सीट पर जीत हासिल की थी। जबकि, 2019 में बीजेपी को बंगाल में लोकसभा की 18 सीट मिली थीं। वहीं, ममता बनर्जी की टीएमसी ने पश्चिम बंगाल की 42 में से 29 सीट पर जीत हासिल की थी। ऐसे में बीजेपी के लिए पश्चिम बंगाल में टीएमसी का किला भेदने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी।
