पाकिस्तान का सीडीएफ बनते ही आसिम मुनीर ने भारत को दी गीदड़भभकी, जानिए क्या बोला पड़ोसी मुल्क का फील्ड मार्शल?
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने एक बार फिर भारत को गीदड़भभकी दी है। आसिम मुनीर ने तीनों सेनाओं के प्रमुख यानी सीडीएफ का पद संभालने के बाद भारत को ये गीदड़भभकी दी। आसिम मुनीर ने पद संभालने के बाद संबोधन में कहा कि भारत किसी भ्रम में न रहे। मुनीर ने कहा कि भविष्य में किसी भी आक्रामक कार्रवाई की हालत में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया पहले से ज्यादा तेज, कठोर और सख्त होगी। आसिम मुनीर को सीडीएफ का पद 5 साल के लिए मिला है। इससे पहले पाकिस्तान के संविधान में संशोधन किया गया। आसिम मुनीर को पहले शहबाज शरीफ सरकार ने फील्ड मार्शल का दर्जा भी दिया था।
भारत को गीदड़भभकी देने के साथ ही आसिम मुनीर ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को भी चेतावनी दी। मुनीर ने कहा कि अफगानिस्तान के तालिबान के पास टीटीपी और पाकिस्तान में से किसी एक को चुनने के अलावा विकल्प नहीं है। टीटीपी को पाकिस्तान ने आतंकी संगठन घोषित किया हुआ है। टीटीपी के लड़ाके पाकिस्तान में आए दिन आसिम मुनीर की सेना को निशाना बनाकर जवानों की जान लेते हैं। पाकिस्तान का आरोप है कि टीटीपी को अफगानिस्तान की तालिबान सरकार शह और शरण देती है। अफगानिस्तान के तालिबान ने पाकिस्तान के इस आरोप का हमेशा खंडन किया है।
बहरहाल, अब सीडीएफ बनने पर आसिम मुनीर को पाकिस्तान की सेना के अलावा वायुसेना और नौसेना के चीफ भी रिपोर्ट करेंगे। जबकि, आसिम मुनीर तीनों सेनाओं के बारे में सरकार से सीधे बात करेंग। इस तरह आसिम मुनीर को पाकिस्तान का अब तक का सबसे ताकत हासिल करने वाला सेना प्रमुख बनाया गया है। अयूब खान के बाद आसिम मुनीर पाकिस्तान का दूसरा फील्ड मार्शल भी है। जबकि, भारत के ऑपरेशन सिंदूर में आसिम मुनीर के नेतृत्व में पाकिस्तान की सेना को जबरदस्त नुकसान पहुंच चुका है। उसके कई रडार स्टेशन, लड़ाकू और अवॉक्स विमान और एयरबेस को भारत ने नष्ट किया था। इसके बावजूद आसिम मुनीर गीदड़भभकी दे रहा है।
