थाईलैंड पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को किया गिरफ्तार, क्लब में आग लगने से 25 लोगों की गई थी जान
नई दिल्ली। गोवा क्लब अग्निकांड मामले में भारत के अनुरोध पर थाईलैंड पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को गिरफ्तार किया है। दोनों को भारत प्रत्यर्पित किए जाने की खबर है। भारत और थाईलैंड के बीच अच्छे संबंध हैं। लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था। इनके नाम गौरव और सौरव लूथरा हैं। दोनों दिल्ली के मूल निवासी हैं। गौरव और सौरव लूथरा ने नियमों के खिलाफ गोवा में बर्च बाय रोमियो लेन नाम का क्लब बनाया था। इस क्लब में बीते दिनों आग लगी थी। जिसमें 25 लोगों की जान गई थी। गोवा सरकार ने पहले ही क्लब को जमींदोज करा दिया है।
लूथरा ब्रदर्स के बारे में पता चला था कि वे थाईलैंड के फुकेट में हैं। हालांकि, दोनों ने बयान दिया कि क्लब में आग लगने से पहले ही वो थाईलैंड चले गए थे। गोवा पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर राजधानी के हडसन लेन स्थित लूथरा ब्रदर्स के घर पर छापा भी मारा था। पुलिस ने लूथरा परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ भी की थी। क्लब में आगजनी के मामले में वहां के मैनेजर समेत चार लोग पहले ही गोवा पुलिस की गिरफ्त में चढ़ चुके हैं। गौरव लूथरा की उम्र करीब 44 साल है। जबकि, सौरव की उम्र 40 साल है। लूथरा ब्रदर्स के देशभर में 22 जगह रेस्तरां और बार हैं। चार देशों में भी उनका कारोबार होने की जानकारी सामने आई थी।
गोवा पुलिस के सूत्रों के मुताबिक गौरव और सौरव लूथरा के साथ एक और बिजनेस पार्टनर भी है। गोवा में जिस वक्त बर्च बाय रोमियो लेन क्लब में आग लगी, उस वक्त वहां काफी लोग मौजूद थे। आग लगने के वक्त डांस हो रहा था। बताया जा रहा है कि वहां भीतर आतिशबाजी हुई और आग तेजी से फैल गई। जान गंवाने वालों में से ज्यादातर आग से बचने के लिए बेसमेंट गए थे। जहां धुएं के कारण उनका दम घुट गया। गोवा के क्लब में आग लगने से जान गंवाने वालों में 14 वहां के स्टाफ मेंबर थे। इस घटना के बाद गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने सभी क्लबों की जांच का आदेश दिया। उन्होंने सभी अवैध क्लबों पर बुलडोजर एक्शन का आदेश भी दिया है।
