डोनाल्ड ट्रंप फिर भारत के दुश्मन पाकिस्तान पर मेहरबान!, एफ-16 लड़ाकू विमानों को 686 मिलियन डॉलर से करेंगे अपग्रेड
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत के दुश्मन पाकिस्तान पर मेहरबान दिख रहे हैं। ट्रंप ने अब पाकिस्तान को अमेरिका से मिले एफ-16 विमानों को अपग्रेड करने का फैसला किया है। ट्रंप प्रशासन ने इसके लिए 686 मिलियन डॉलर यानी लगभग 5800 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस रकम से पाकिस्तान के एफ-16 विमानों को लिंक-16 डेटा लिंक लगाया जाएगा। जो सबसे बेहतर संचार व्यवस्था है। ये संचार व्यवस्था दोस्त और दुश्मन की पहचान के साथ जैमिंग से बचाता है। इसके अलावा कंट्रोल रूम को जंग की हालत में रियल टाइम जानकारी भेजता है।
अमेरिका ने इसके अलावा पाकिस्तान को मिले एफ-16 विमानों में नए उड़ान भरने में मदद करने वाले यंत्र और गुप्त संचार के साधन लगाने का फैसला भी किया है। पाकिस्तान के एफ-16 विमानों में अमेरिका बिना बारूद वाले एमके-82 बम भी लगाएगा। जिससे पाकिस्तान के पायलट ट्रेनिंग ले सकेंगे। अपग्रेडेशन पैकेज में पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमानों के पायलटों की नए सिरे से ट्रेनिंग भी होगी। अमेरिका का इरादा पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमानों को साल 2040 तक उड़ान भरने के काबिल बनाना है। इससे पहले भी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पाकिस्तान को हथियार और उनको अपग्रेड करने के लिए काफी पैसा दे चुके हैं।
भारत ने मई में जब पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर किया था, उस वक्त हैंगर में खड़े कई एफ-16 विमानों को भी नष्ट किया था। भारत का हमला इतना तेज और जोरदार था कि पाकिस्तान के एफ-16 विमान उड़ान ही नहीं भर सके थे। इससे पहले साल 2019 में जब भारत ने पीओके स्थित बालाकोट में आतंकी अड्डों पर हमला बोला था, उस वक्त भी पाकिस्तान के एफ-16 धरे रह गए थे। पाकिस्तान के एफ-16 ने उड़ान तो भरी थी, लेकिन उससे पहले ही भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान आतंकियों के ठिकानों को बमबारी से ध्वस्त कर अपनी सीमा में वापस लौट चुके थे। बाद में वायुसेना में उस वक्त विंग कमांडर रहे अभिनंदन ने पाकिस्तान के एक एफ-16 विमान को भी मार गिराया था। इससे पाकिस्तान के साथ ही अमेरिका की चिंता बढ़ी। इसकी वजह ये है कि एफ-16 को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ लड़ाकू विमानों में गिना जाता है।
