यूपी, एमपी समेत 6 प्रदेशों में बढ़ाई गई एसआईआर की समय सीमा, जानिए किस राज्य में कब तक भरे जाएंग फॉर्म
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत 6 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेश में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समयसीमा आगे बढ़ा दी है। यूपी में 26 दिसंबर तक SIR के फॉर्म भरे जाएंगे और 31 दिसंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी होगा। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के साथ केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार में 18 दिसंबर तक एसआईआर की प्रक्रिया होगी और 23 दिसंबर को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। इसी तरह तमिलनाडु और गुजरात में 14 दिसंबर तक फॉर्म भरे जाएंगे जबकि 19 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी।
चुनाव आयोग के इस फैसले से उन लोगों को लाभ मिलेगा जो अभी तक SIR फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं। हालांकि पश्चिम बंगाल में SIR की समय सीमा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में SIR की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने तथा शुद्ध मतदाता सूची को बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग से दो सप्ताह का समय और बढ़ाने का अनुरोध किया गया था, जिससे कि जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा मृतक, शिफ्टेड तथा अनुपस्थित मतदाताओं का पुन: सत्यापन कराया जा सके। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अहर्ता तिथि 1 जनवरी, 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की घोषित तिथियां को आगे बढ़ाते हुए पुनः संशोधित तिथियां जारी कर दी गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित तिथियों के अनुसार 26 दिसम्बर, 2025 तक गणना अवधि निर्धारित की गई है। निर्वाचन नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन अब 31 दिसंबर, 2025 को होगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 31 दिसम्बर, 2025 से 30 जनवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। 31 दिसंबर 2025 से 21 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
