पीएम नरेंद्र मोदी 27 जून को जाएंगे सेशेल्स, भारत के ‘विजन महासागर’ के लिहाज से अहम होगा दौरा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को सेशेल्स के दौरे पर जाएंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से पीएम की यात्रा के संबंध में जानकारी दी गई है जिसमें यह बताया गया है कि सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 27-29 जून 2026 तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा करेंगे। मोदी 11 साल बाद सेशेल्स जा रहे हैं इससे पहले उन्होंने 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के तौर पर पीएम मोदी शामिल होंगे। इस समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो जहाज भी हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार मोदी का यह दौरा भारत के ‘विजन महासागर’ के लिहाज से काफी अहम है। मोदी के दौरे से भारत और सेशेल्स के द्विपक्षीय संबंधों में भी मजबूती आएगी। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता, दोनों देशों के बीच सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर एक दूसरे को अपने विचारों से अवगत कराएंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे।
भारत और सेशेल्स एक-दूसरे के पुराने साझेदार
भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से साझेदारी रही है, जो साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर आधारित है। हिंद महासागर क्षेत्र में एक अहम समुद्री पड़ोसी होने के नाते सेशेल्स का भारत के ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति) और ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में एक खास स्थान है। पीएम मोदी की यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत और स्थायी दोस्ती को फिर से पुख्ता करेगी और सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
