June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा, सरकार ने बढ़ाई फीस, रिन्यू कराने के लिए भी अब लगेंगे ज्यादा पैसे

नई दिल्ली। अगर आपके पास भी पासपोर्ट है या आप पासपोर्ट बनवाने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट रूल्स, 1980 में संशोधन करते हुए पासपोर्ट बनवाने के लिए ली जाने वाली आवेदन फीस को बढ़ाने का फैसला किया है। नए पासपोर्ट के अलावा अब पासपोर्ट को रिन्यू कराने पर भी ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए 36 पेज वाले पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपए से बढ़कर 2,500 रुपए हो गई है, जबकि तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 से बढ़कर 5,000 रुपए कर दी गई है।

यानी कि आवेदकों को नया पासपोर्ट बनवाने के लिए अब 1,000 रुपए ज्यादा खर्च करने होंगे। वहीं, तत्काल पासपोर्ट बनवाने वालों को पहले की अपेक्षा अब 1,500 रुपए ज्यादा देने होंगे। इसके अलावा 60 पेज वाले पासपोर्ट के लिए फीस 2,000 से बढ़कर 3,500 कर दी गई है और इस कैटेगरी में तत्काल फीस 4,000 से बढ़कर 6,000 हो गई है। जो लोग ज्यादा विदेश यात्रा करते हैं उनके लिए 60 पेज वाला पासपोर्ट होता है। बढ़ी हुई फीस आगामी 1 जुलाई, 2026 से लागू होगी। 60 पेज वाला पासपोर्ट खो जाने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में दोबार बनवाने पर पहले 2,000 रुपए लगते थे अब 6,000 रुपए लगेंगे। वहीं तत्काल के लिए पहले 4,000 लगते थे अब 8,500 रुपए लगेंगे।

इसी तरह से 18 साल से कम उम्र के लोगों का पासपोर्ट जो पहले 1,000 रुपए में बनता था वो अब 1,750 रुपए में बनेगा। वहीं इसकी तत्काल फीस 4,250 रुपए हो गई है जो पहले 3,000 रुपए थी। आपको बता दें कि अभी एक दिन पहले ही केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया था कि पासपोर्ट सिर्फ एक ट्रैवल डॉक्यूमेंट है यह नागरिकता का सबूत नहीं है। सरकार के इस स्पष्टीकरण के बाद पासपोर्ट और नागरिकता संबंधी कागजों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसके बीच अब पासपोर्ट फीस बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *